कंधे की चोट से उबरने के बाद सायना अब पूरी तरह फिट हैं। सायना ने फीजियो हीथ मैथ्यूज की सलाह पर दो सप्ताह तक आराम किया था। इस कारण वह राष्ट्रीय बैडमिंटन टूर्नामेंट में नहीं खेल सकी थीं।
विश्व की 10वीं वरीयता प्राप्त खिलाड़ी सायना को अपने पहले ही मैच में चौथी वरीयता प्राप्त फ्रांसीसी खिलाड़ी होंगयान पीआई से भिड़ना है। पीआई पिछले महीने आयोजित मलेशिया सुपर सीरीज और कोरिया सुपर सीरीज में उपविजेता रही हैं।
पुरुष वर्ग में भारत की चुनौती विश्व के 13वीं वरीयता प्राप्त चेतन आनंद के हाथों में होगी। इसके अलावा अरविंद भट्ट भी अपने देश की लाज रखने का प्रयास करेंगे।
आनंद ने पिछले हफ्ते जर्मन ओपन में क्वार्टर फाइनल तक का सफर तय किया था। इससे उनका मनोबल काफी ऊंचा हो गया होगा। चोट के कारण वह भी राष्ट्रीय टूर्नामेंट में नहीं खेल सके थे।
महिला वर्ग के युगल मुकाबलों में भारत की ज्वाला गुट्टा और श्रुति कुरियन अपने पहले मुकाबले में मलेशिया की पेक सिया लिम और चाउ ह्वी बाविन से भिड़ेंगी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।