खुर्रम मंसूर और सलमान बट्ट की सलामी जोड़ी ने पहले विकेट के लिए 110 रन जोड़े। मेहमान कप्तान माहेला जयवर्धने द्वारा बट्ट को रन आउट किए जाने के बाद ही दिन का खेल समाप्त घोषित कर दिया गया।
बट्ट ने अपनी 74 गेंदों की पारी में आठ चौके लगाते हुए 48 रन बनाए जबकि मंसूर 71 गेंदों पर 11 चौकों की मदद से 59 रन बनाकर नाबाद हैं। मैच के तीसरे दिन मंसूर कप्तान यूनुस खान के साथ पारी को आगे बढ़ाएंगे।
इससे पहले, श्रीलंका ने अपनी पहली पारी में 606 रन बनाए। टॉस हारने के बाद पहले बल्लेबाजी करने उतरी मेहमान टीम ने मैच के पहले दिन रविवार को चार विकेट के नुकसान पर 317 रन बनाए थे।
पहले दिन कुमार संगकारा (104) और थिलन समरवीरा (214) के बीच 204 रनों की साझेदारी हुई थी। दूसरे दिन समरवीरा ने इस श्रृंखला का दूसरा दोहरा शतक जड़ा।
समरवीरा ने अपनी 338 गेंदों की पारी में 32 चौके लगाए। इसके अलावा उन्होंने तिलकरत्ने दिलशान (145) के साथ पांचवें विकेट के लिए 207 रनों की साझेदारी भी निभाई। दिलशान ने 170 गेंदों पर 21 चौके लगाए।
श्रीलंका की ओर से सलामी बल्लेबाज मलिंगा वर्नपुरा (8), नुवान पारानाविताना (21), माहेला जयवर्धने (30), प्रसन्ना जयवर्धने (15), थिलान तुषारा (10) और मुथैया मुरलीधरन (22) रनों का योगदान दिया।
असंथा मेंडिस खाता नहीं खोल सके जबकि दिलहारा फर्नाडो 14 रन बनाकर नाबाद लौटे। पाकिस्तान की ओर से उमर गुल ने सर्वाधिक छह विकेट लिए। यासिर अराफात और अपना पहला टेस्ट खेल रहे मोहम्मद ताल्हा को एक-एक सफलता मिली।।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।