न्यूजीलैंड टीम को पहला झटका शून्य के कुल योग पर ही लग गया था, जब प्रवीन कुमार ने ब्रेंडन मैक्लम (0) को हरभजन सिंह के हाथों कैच कराया था।
इसके बाद 23 रन के कुल योग पर जेस राइडर (11) भी चलते बने। 25 गेंदों का सामना करते हुए एक चौका लगाने वाले राइडर को प्रवीन ने वीरेंद्र सहवाग के हाथों कैच कराया।
मार्क गुपटिल (नाबाद 38) और रॉस टेलर(31) ने तीसरे विकेट के लिए संभलकर खेलते हुए 58 रन जोड़े लेकिन यूसुफ पठान ने टेलर को सचिन तेंदुलकर के हाथों कैच कराकर न्यूजीलैंड को तीसरा झटका दे दिया।
खबर लिखे जाने तक गुपटिल 49 गेंदों पर तीन चौकों की मदद से 38 बनाकर खेल रहे हैं जबकि ग्रांट इलियट तीन रन बनाकर उनका साथ दे रहे हैं। न्यूजीलैंड को जीत के लिए 20 ओवर में 184 रनों की आवश्यकता है।
इससे पहले, भारत ने कप्तान महेंद्र सिंह धौनी, सहवाग, और सुरेश रैना की शानदार बल्लेबाजी की बदौलत मेजबान टीम के समक्ष जीत के लिए 274 रनों का लक्ष्य रखा।
बारिश की वजह से 38-38 ओवर तक सीमित किए गए मैच में भारत ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। सलामी बल्लेबाज तेंदुलकर और सहवाग ने सधी शुरुआत की लेकिन मास्टर ब्लास्टर 20 रन बनाकर पेवेलियन लौट गए। दोनों ने पहले विकेट के लिए 69 रन जोड़े।
इसके बाद तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी करने आए कप्तान धौनी ने सहवाग के साथ पारी को तेजी से आगे बढ़ाया। धौनी 84 रन बनाकर नाबाद रहे। सहवाग ने 56 गेंदों पर ताबड़तोड़ 77 रनों की पारी खेली।
रैना ने भी कीवियों को जमकर छकाया और बेतहरीन बल्लेबाजी करते हुए मात्र 39 गेंदों पर 66 रन बनाए। रैना ने अपनी पारी के दौरान पांच छक्के और पांच चौके भी जड़े। भारतीय टीम ने 38 ओवर में चार विकेट के नुकसान पर 273 रन बनाए।
न्यूजीलैंड की ओर से इयान बटलर, डेनियल विटोरी और ग्रांड इलियट ने एक-एक विकेट अपने नाम किया। उल्लेखनीय है कि इससे पहले कीवियों ने ट्वेंटी-20 श्रृंखला 2-0 से अपने नाम कर ली थी और अब दोनों देशों में पांच मैचों की एकदिवसीय श्रृंखला खेली जा रही है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*