इस हमले पर बोर्ड की ओर से प्रतिक्रिया जाहिर करते हुए सचिव एन. श्रीनिवासन ने कहा, "हम श्रीलंकाई खिलाड़ियों पर हुए हमले से स्तब्ध और निराश हैं। हम ईश्वर से प्रार्थना करते हैं कि जिन खिलाड़ियों को चोट आई है, वे जल्द से जल्द स्वस्थ हो जाएं। हमारी संवेदना घायल खिलाड़ियों के परिजनों के साथ है। संकट की इस घड़ी में बीसीसीआई श्रीलंका के साथ है।"
मंगलवार को तीसरे दिन के खेल के लिए टीम होटल से गद्दाफी स्टेडियम जाते वक्त अज्ञात बंदूकधारियों ने श्रीलंकाई क्रिकेट टीम के काफिले पर ग्रेनेड और स्वचलित हथियारों से हमला किया, जिसमें कप्तान माहेला जयवर्धने, कुमार संगकारा, असंथा मेंडिस, थिलन समरवीरा, थरंगा पारानाविताना और चमिंडा वास घायल हो गए जबकि पांच सुरक्षाकर्मी मारे गए।
घायल हुए चार खिलाड़ियों को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है जबकि दो का अभी भी इलाज चल रहा है। इस निंदनीय घटना के बाद श्रीलंकाई क्रिकेट टीम के बाकी के सदस्यों को फौरन स्वदेश रवाना करने की व्यवस्था की जा रही है। खिलाड़ियों को गद्दाफी स्टेडियम से पाकिस्तान वायु सेना के हेलीकॉप्टर द्वारा सुरक्षित स्थान पर ले जाया गया है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।