वेबसाइट 'क्रिकइंफो डॉट कॉम' के मुताबिक बारिश की वजह से मैच 38-38 ओवर कर दिया गया है। नेपियर के मैक्लीन पार्क में मंगलवार को भारतीय टीम के कप्तान धौनी ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। सलामी बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर और वीरेंद्र सहवाग ने सधी शुरुआत की लेकिन मास्टर ब्लास्टर 20 रन बनाकर पेवेलियन लौट गए।
इसके बाद तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी करने आए कप्तान धौनी ने सहवाग के साथ पारी को तेजी से आगे बढ़ाया। धौनी 84 रन बनाकर नाबाद रहे। सहवाग ने 56 गेंदों पर ताबड़तोड़ 77 रनों की पारी खेली। रैना ने भी कीवियों को जमकर छकाया और बेतहरीन बल्लेबाजी करते हुए मात्र 39 गेंदों पर 66 रन बनाए। रैना ने अपनी पारी के दौरान पांच छक्के और पांच चौके भी जड़े। भारतीय टीम ने 38 ओवर में चार विकेट के नुकसान पर 273 रन बनाए।
न्यूजीलैंड की ओर से इयान बटलर, डेनियल विटोरी और ग्रांड इलियट ने एक-एक विकेट अपने नाम किया।
उल्लेखनीय है कि इससे पहले कीवियों ने ट्वेंटी-20 श्रृंखला 2-0 से अपने नाम कर ली थी और अब दोनों देशों में पांच मैचों की एक दिवसीय श्रृंखला खेली जा रही है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*