कोलंबो, 4 मार्च (आईएएनएस)। पाकिस्तान के शहर लाहौर में मंगलवार को हुए आतंकी हमले में बाल-बाल बचे श्रीलंकाई क्रिकेटर तिलकरत्ने दिलशान ने कहा है कि फरवरी में हुई एकदिवसीय श्रृंखला की तुलना में टेस्ट श्रृंखला के लिए सुरक्षा व्यवस्था अपेक्षाकृत ढीली थी।
स्वदेश लौटने के बाद दिलशान ने बुधवार को कहा, "मेरा मानना है कि टेस्ट श्रृंखला के लिए सुरक्षा व्यवस्था उतनी चाक-चौबंद नहीं थी, जितनी तीन मैचों की एकदिवसीय श्रृंखला के दौरान थी। इसका कारण यह भी है कि पाकिस्तानी सुरक्षा एजेंसियों ने कभी सोचा तक नहीं था कि इस तरह का हमला हो सकता है।"
दिलशान ने कहा कि बस चालक ने अगर बहादुरी, समझदारी और फुर्ती नहीं दिखाई होती तो घटनास्थल का नजारा कुछ और होता।
बकौल दिलशान, "बस चालक ने असीम बहादुरी का परिचय दिया। अगर वह घबरा गया होता या फिर मारा गया होता तो घटनास्थल का नजारा कुछ और होता। मैं बस चालक की बहादुरी को सलाम करता हूं।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।