एक समय ऐसा भी था जब लॉसन यह कहते हुए दूसरी टीमों की आलोचना किया करते थे कि महज सुरक्षा कारणों का हवाला देकर पाकिस्तान दौरा रद्द करना या फिर वहां जाकर खेलने से इनकार करना बिल्कुल उचित नहीं।
लॉसन ने 'फॉक्स स्पोर्ट्स' से बातचीत के दौरान कहा, "मैं हमेशा मानता था कि पाकिस्तान में खेलना बिल्कुल सुरक्षित है लेकिन लाहौर में मंगलवार को श्रीलंकाई खिलाड़ियों पर हुए हमले ने मेरी राय बदल दी है। मैंने सपने में भी नहीं सोचा था कि पाकिस्तान में खिलाड़ियों पर इस तरह से हमला हो सकता है।"
लॉसन ने कहा कि भारतीय उपमहाद्वीप में क्रिकेट खतरे में है और इसे सुरक्षित करने के लिए कुछ न कुछ करना बहुत जरूरी हो गया है।
उन्होंने कहा, "हमने देखा कि मुंबई में क्या हुआ। हमने देखा है कि तमिल टाइगर्स ने श्रीलंका में क्या किया है। अब हमने देख लिया कि पाकिस्तान में क्या हो रहा है। भारतीय उपमहाद्वीप के ये तीन देश क्रिकेट के गढ़ माने जाते हैं। अगर ये देश सुरक्षित नहीं रह जाएंगे तो इसका सीधा असर क्रिकेट पर पड़ेगा। यह बहुत गंभीर मसला है और इसे लेकर समय रहते कुछ न कुछ किया जाना बेहद जरूरी हो गया है।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।