क्रिकेट आस्ट्रेलिया (सीए) के मुख्य कार्यकारी अधिकारी जेम्स सदरलैंड ने बुधवार को कहा कि वैसे तो उनके देश की यही इच्छा है कि 2011 विश्व कप भारत, पाकिस्तान, श्रीलंका और बांग्लादेश की सह-मेजबानी में ही हो लेकिन अगर परिस्थितियां विषम होती हैं तो वह पाकिस्तान के हिस्से में आने वाले मैचों का आयोजन कराने का इच्छुक है।
आस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड को 2011 विश्व कप का आरक्षित मेजबान चुना गया है। अगर किसी कारण से विश्व कप का आयोजन भारतीय उपमहाद्वीप में नहीं हो सका तो फिर इसकी मेजबानी का हक आस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड को मिल जाएगा।
सदरलैंड ने कहा, "आधिकारिक तौर पर हम 2011 विश्व कप के आरक्षित मेजबान हैं। हम चाहते हैं कि इसका आयोजन भारतीय उपमहाद्वीप में ही हो लेकिन पाकिस्तान में हालात ठीक नहीं रहते हैं तो आस्ट्रेलिया वहां कराए जाने वाले मैचों के आयोजन के लिए तैयार है। हम 2015 विश्व कप की मेजबानी कर रहे हैं, इस लिहाज से मुझे पूरा यकीन है कि हम 2011 विश्व कप के मैचों के साथ भी न्याय करने में सफल रहेंगे।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।