पाकिस्तान के समाचार पत्र 'द न्यूज' के मुताबिक 10 मार्च से शुरू हो रही इस श्रृंखला के लिए पाकिस्तानी टीम में तीन नए चेहरों को शामिल किया गया है। चयनकर्ताओं के अनुसार घरेलू क्रिकेट में अच्छा प्रदर्शन कर सलामी बल्लेबाज अहमद शहजाद, लेग स्पिनर यासिर शाह और तेज गेंदबाज मोहम्मद आमेर टीम में जगह बनाने में सफल रहे हैं।
पिछले महीने श्रीलंका के साथ हुई एकदिवसीय श्रृंखला में आखिरी बार खेलने वाले अख्तर ने टीम से निकाले जाने के बाद कहा था कि वह बांग्लादेश दौरे के साथ अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट में वापसी करेंगे क्योंकि अब उन्हें अपने चोटिल टखने का ऑपरेशन कराने की जरूरत नहीं पड़ेगी।
अख्तर की संभावनाओं को लेकर चयन प्रमुख अब्दुल कादिर ने कहा, "यह सही है कि अख्तर ने कहा है कि उन्हें अब ऑपरेशन कराने की जरूरत नहीं लेकिन उन्होंने प्रथम श्रेणी मैचों में खेलकर अब तक अपनी फिटनेस साबित नहीं की है।"
पाकिस्तानी टीम इस प्रकार है : यूनुस खान (कप्तान), सलमान बट्ट, शाहिद अफरीदी, नासिर जमशेद, अहमद शहजाद, मिस्बाह-उल-हक, शोएब मलिक, कामरान अकमल, फवद आलम, उमर गुल, सोहेल तनवीर, मोहम्मद आमेर, यासिर अराफात, यासिर शाह, इफ्तिखार अंजुम और सरफराज अहमद।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।