लाहौर, 4 मार्च (आईएएनएस)। लाहौर में श्रीलंकाई क्रिकेट टीम हुए हमले के बाद पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) के प्रमुख एजाज बट्ट ने कहा है कि उनका मुल्क अभी भी क्रिकेट मैचों की मेजबानी करने का इच्छुक है।
स्थानीय समाचार पत्र 'द न्यूज ' के मुताबिक बट्ट ने एक साक्षात्कार में कहा, "हम इस तरह की घटनाओं के बारे में कुछ नहीं कह सकते। हम सिर्फ इतना ही कह सकते हैं कि हम सभी टीमों को बेहतरीन सुरक्षा देने की कोशिश करेंगे जैसी कराची में दी गई थी। जहां पहला टेस्ट बिना किसी वारदात के संपन्न हुआ था। "
उन्होंने कहा, "अगर कुछ लोग पाकिस्तान नहीं आना चाहते तो यह उनकी इच्छा पर निर्भर करता है। हम उनके बारे में कुछ नहीं कहेंगे लेकिन हमें अभी भी उम्मीद है कि हमारे मित्र पाकिस्तान आएंगे और खेलेंगे। "
पीसीबी प्रमुख ने कहा कि लाहौर जैसी घटना इंग्लैंड , भारत या फिर कहीं भी हो सकती है। उन्होंने कहा कि पाकिस्तानी क्रिकेट टीम जुलाई में प्रस्तावित श्रीलंकाई दौरे पर जरुर जाएगी।
गौरतलब है कि लाहौर में मंगलवार सुबह श्रीलंकाई टीम पर अज्ञात बंदूकधारियों ने उस समय हमला किया था जब टीम बस में सवार होकर गद्दाफी स्टेडियम जा रही थी। हमले में श्रीलंका के छह खिलाड़ी और टीम के सहायक कोच जख्मी हो गए थे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*