वेबसाइट 'क्रिकइंफो डॉट कॉम' से बातचीत के दौरान बिंद्रा ने कहा, "हम पूरी कोशिश करेंगे कि आईपीएल के कारण लोकसभा चुनाव प्रभावित न हों लेकिन अगर राज्य सरकारों से समर्थन नहीं मिला तो हमें मजबूरन इस साल खेले जाने वाले टूर्नामेंट के दूसरे संस्करण को रद्द करना होगा। सुरक्षा हमारे लिए सबसे अहम मुद्दा है और इसका इंतजाम राज्य सरकारों को ही करना है। अगर इस संबंध में हमें उनका सहयोग नहीं मिला तो हम कुछ नहीं कर सकते।"
आईपीएल और लोकसभा चुनाव इस साल अप्रैल-मई में होने हैं। आईपीएल की शुरुआत जहां 11 अप्रैल से होगी वहीं लोकसभा चुनावों के तहत पहले चरण का मतदान 16 अप्रैल को होगा। लोकसभा चुनावों के लिए मतगणना का काम 17 मई को होगा जबकि आईपीएल का फाइनल 24 मई को खेला जाना है।
केंद्र सरकार ने आईपीएल कार्यकारिणी से इसे पुनर्निधारित करने की अपील की है। केंद्र सरकार ने कहा है कि लोकसभा चुनावों के वक्त आयोजित हो रहे होने के कारण सरकार आईपीएल मैचों के लिए पर्याप्त सुरक्षा मुहैया नहीं करा सकती।
इस बीच, बुधवार को आईपीएल आयोजन समिति को इस समय तगड़ा झटका लगा जब कोलकाता के पुलिस प्रमुख ने ईडन गरडस स्टेडियम में होने वाले आईपीएल मैचों के दौरान सुरक्षा मुहैया कराने के संबंध में हाथ खड़े कर लिए।
कोलकाता के पुलिस आयुक्त गौतम मोहन चक्रवर्ती ने शाहरुख खान की टीम कोलकाता नाइट राइडर्स के प्रतिनिधियों से मुलाकात कर अपनी बात उनके सामने रख दी है। उन्होंने कहा, "मैंने लोकसभा चुनावों के दौरान ईडन गरडस में खेले जाने वाले आईपीएल मैचों की तारीखें बदलने का अनुरोध किया है। हमारा प्रशासन इन मैचों के लिए पर्याप्त सुरक्षा की व्यवस्था नहीं कर सकता।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*