कराची, 5 मार्च (आईएएनएस)। पाकिस्तानी क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान जहीर अब्बास का मानना है कि अगर पाकिस्तान से 2011 विश्व कप के मैचों की मेजबानी का अधिकार छीना जीता है तो इसका भारतीय महाद्वीप के अन्य देशों में होने वाले आयोजन पर गंभीर असर पड़ेगा।
अब्बास ने आईएएनएस से बातचीत के दौरान कहा कि पाकिस्तान अकेला दक्षिण एशियाई देश नहीं, जहां आतंकवादी हमले हो रहे हैं। इसकी जड़ें तो भारत, श्रीलंका और बांग्लादेश में भी समान रूप से विस्तार ले चुकी हैं।
बकौल अब्बास, "मेरा मानना है कि विश्व कप की मेजबानी का अधिकार बचाने के लिए हमारे (तीनों देशों के) पास एकजूट होने के अलावा और कोई चारा नहीं रह गया है। दक्षिण एशियाई देशों के क्रिकेट बोर्डो को इस संकट का मिलकर सामना करना चाहिए।"
अब्बास ने आशंका जताई कि अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) 2011 विश्व कप को आस्ट्रेलिया तथा न्यूजीलैंड स्थानांतरित करने पर विचार कर सकता है क्योंकि इन दो देशों ने इसके मैचों के आयोजन की इच्छा जताई है।
उल्लेखनीय है कि आस्ट्रेलिया ने बुधवार को कहा था कि सुरक्षा कारणों के मद्देनजर अगर पाकिस्तान के हाथ से 2011 विश्व कप मैचों की मेजबानी छिनती है तो वह उन मैचों का आयोजन कराने के लिए तैयार है।
आस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड को 2011 विश्व कप का आरक्षित मेजबान चुना गया है। अगर किसी कारण से विश्व कप का आयोजन भारतीय उपमहाद्वीप में नहीं हो सका तो फिर इसकी मेजबानी का हक आस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड को मिल जाएगा।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।