पाकिस्तान को बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड का फैसला मान्य
लाहौर, 5 मार्च (आईएएनएस)। पाकिस्तान ने बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (बीसीबी) के उस फैसले को स्वीकार कर लिया है, जिसमें उसने अपनी सरकार के निर्देश के बाद इस महीने दोनों टीमों के बीच खेली जाने वाली एकदिवसीय श्रृंखला को स्थगित करने की घोषणा की है।
पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) के अध्यक्ष एजाज बट्ट ने कहा कि इस महीने की 10 से 24 तारीख के बीच खेली जाने वाली इस श्रृंखला को स्थगित करने की घोषणा करने से पहले बीसीबी ने पीसीबी के साथ बात की थी।
बट्ट ने गद्दाफी स्टेडियम में पत्रकारोंे से कहा, "हमने बीसीबी को कह दिया है कि हमें उसके फैसले को लेकर कोई आपत्ति नहीं है। हम उपयुक्त तारीख खोजे जाने तक इस श्रृंखला को स्थगित करने के उसके फैसले के साथ हैं।"
पीसीबी इस श्रृंखला के लिए 16 सदस्यीय टीम की घोषणा कर चुका है। बट्ट के मुताबिक बीसीबी ने अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) के सुरक्षा बढ़ाए जाने के निर्देश के बाद इस श्रृंखला को स्थगित करने का फैसला किया है, जो सर्वमान्य है।
इस बीच, पाकिस्तानी टीम के कप्तान यूनुस खान ने कहा है कि बांग्लादेश के साथ खेली जाने वाली श्रृंखला के स्थगित किए जाने से वह राहत महसूस कर रहे हैं क्योंकि इस दौरान उनके खिलाड़ियों को मंगलवार को हुए श्रीलंकाई टीम पर हुए आतंकी हमले से उबरने का मौका मिल जाएगा।
उल्लेखनीय है कि बीसीबी ने गुरुवार को इस श्रृंखला को स्थगित करने की घोषणा की। इस श्रृंखला के लिए पाकिस्तानी टीम को सात फरवरी को बांग्लादेश पहुंचना था।
बीसीबी ने अपने बयान में कहा, "सरकार के निर्देश के बाद हमने पाकिस्तान के साथ खेली जाने वाली क्रिकेट श्रृंखला को स्थगित कर दिया है। श्रृंखला का नया कार्यक्रम थोड़ा रुककर जारी किया जाएगा।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications