भारतीय टीम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 34 ओवर तक सीमित किए गए मैच में 28.4 ओवर में चार विकेट के नुकसान पर 188 रन बनाए थे लेकिन इसके बाद का खेल संभव नहीं हो सका।
मैच से एक दिन पहले गुरुवार को ही बारिश की आशंका जताई जा रही थी, हालांकि इसके कारण मैच के रद्द होने की संभावना बहुत कम थी।
ऐसा कहा जा रहा था कि नेपियर में खेले गए पहले मुकाबले की तरह इस मैच का फैसला भी डकवर्थ-लुइस प्रणाली के तहत निकाले जाने के आसार बन सकते हैं लेकिन हुआ इसके उलट।
मैच के दौरान तीन बार खेल में बाधा पड़ी। अंत में मैच को अधिकतम 34-34 तक सीमित कर दिया गया लेकिन इसके बावजूद मैच पूरा नहीं हो सका।
बहरहाल, भारतीय टीम ने एक बार फिर शानदार शुरुआत करते हुए पहले विकेट के लिए 76 रन जोड़े। सलामी बल्लेबाज वीरेंद्र सहवाग ने 36 गेंदों पर नौ चौकों की मदद से 54 रनों की विस्फोटक पारी खेली जबकि सचिन तेंदुलकर ने अपने करियर का 90वां अर्धशतक ठोका।
अपनी 61 रनों की तेज पारी के दौरान तेंदुलकर ने 69 गेंदों का सामना करते हुए सात चौके और एक छक्का जड़ा। उन्होंने गौतम गंभीर (30) के साथ दूसरे विकेट के लिए 63 रन जोड़े। गंभीर ने अपनी 36 गेंदों की पारी में दो चौके लगाए।
युवराज सिंह (0) ने हालांकि निराश किया लेकिन इसके बाद कप्तान महेंद्र सिंह धौनी (नाबाद 23) और सुरैश रैना (नाबाद 13) ने डटकर बल्लेबाजी की और स्कोर को 188 रनों तक ले गए।
बारिश ने हालांकि धौनी और रैना को बाकी के छह ओवरों में अपने बल्ले की चमक दिखाने का मौका नहीं दिया। धौनी ने अपनी 19 गेंदों की पारी में दो चौके लगाए जबकि रैना ने आठ गेंदों पर इतने ही चौके जड़े।
पांच मैचों की श्रृंखला में भारतीय टीम 1-0 से आगे चल रही है। उसने नेपियर में खेला गया पहला मैच 53 रनों से जीता था। श्रृंखला का तीसरा मुकाबला आठ फरवरी को क्राइस्टचर्च के एएमआई स्टेडियम में खेला जाएगा।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*