शुक्रवार को पत्रकारों से बातचीत के दौरान चिदंबरम ने कहा, "लोकसभा चुनावों और आईपीएल का आयोजन एक साथ होना है। इस लिहाज से आईपीएल कार्यक्रम का पुनर्निधारण किया जाना अनिवार्य हो गया है।"
गृह मंत्री ने हालांकि यह भी कहा कि इसके लिए आईपीएल प्रबंधन को दोषी नहीं ठहराया जा सकता।
बकौल चिदंबरम, "मैं आईपीएल प्रबंधन को दोषी नहीं ठहरा रहा हूं। आईपीएल की तारीखों का निर्धारण बहुत पहले हो गया था लेकिन सोमवार को जैसे ही चुनाव आयोग ने चुनाव की तारीखों की घोषणा की, हमने महसूस किया कि दोनों आयोजनों की तारीखों में काफी समानता है और यही हमारी परेशानी का कारण है।"
चिदंबरम ने कहा कि अगर आईपीएल प्रबंधन पुनर्निधारित कार्यक्रम के साथ सामने आएगा, तो सरकार उसे हरसंभव मदद मुहैया कराएगी।
उल्लेखनीय है कि आईपीएल और लोकसभा चुनाव इस साल अप्रैल-मई में होने हैं। आईपीएल की शुरुआत जहां 11 अप्रैल से होगी वहीं लोकसभा चुनावों के तहत पहले चरण का मतदान 16 अप्रैल को होगा।
लोकसभा चुनावों के लिए मतगणना का काम 17 मई को होगा जबकि आईपीएल का फाइनल 24 मई को खेला जाना है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*