सोमदेव ने यांग मिंग टेनिस सेंटर पर खेले गए पहले एकल मुकाबले में चीनी ताइपे के खिलाड़ी ती चेन को 7-5, 6-4, 6-4 से पराजित किया था लेकिन बोपन्ना मेजबान टीम के शीर्ष वरीयता प्राप्त खिलाड़ी येन ह्सुन लू के हाथों 6-7, 2-6, 2-6 से हार गए।
बोपन्ना की रैंकिंग 320वीं है जबकि लू इस सूची में उनसे काफी ऊपर 59वें क्रम पर विराजमान हैं। वरीयता क्रम देखते हुए बोपन्ना के लिए यह मैच जीतना पहले से कठिन माना जा रहा था।
इसके बावजूद बोपन्ना ने पहले सेट में लू को कड़ी टक्कर और खेल को टाइब्रेकर तक खींचने में सफल रहे लेकिन बाद के सेटों में वह अपने खेल पर नियंत्रण नहीं रख सके।
भारत के लिए दूसरा एकल मुकाबला जीतना बेहद जरूरी था क्योंकि इसके के माध्यम से वह शनिवार को मेजबान टीम पर अजेय बढ़त हासिल कर सकता था।
ऐसा इसलिए क्योंकि शनिवार को खेले जाने वाले युगल मुकाबले में महेश भूपति और लिएंडर पेस की दिग्गज जोड़ी के त्सुंग हुआ यांग और चू ह्यून यी की जोड़ी को आसानी से हराने के आसार दिख रहे हैं।
बहरहाल, रविवार को खेले जाने वाले उलट एकल (रिवर्स सिंगल) मुकाबले में जहां लू का सामना सोमदेव से होगा वहीं इसी दिन खेले जाने वाले दूसरे उलट एकल मुकाबले में चेन को बोपन्ना के साथ दो-दो हाथ करने होंगे।
भारतीय टीम पिछले साल वर्ष 2005 के बाद पहली बार वर्ल्ड ग्रुप में पहुंची थी। हालांकि रोमानिया के हाथों हारने के बाद वह फिर से क्षेत्रीय ग्रुप में खिसक गई थी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।