कोलंबो, 6 मार्च (आईएएनएस)। पाकिस्तान के लाहौर शहर में मंगलवार को हुए आतंकी हमले में अपनी बहादुरी और चतुराई के दम पर श्रीलंकाई खिलाड़ियों की जान बचाने वाले पाकिस्तानी बस चालक को स्थानीय समाचार पत्रों ने 'हॉलिडे पैकेज' का प्रस्ताव दिया है।
स्थानीय समाचार पत्रों ने गोलियों की बरसात और ग्रेनेड हमले के बीच अपने देश के खिलाड़ियों को सुरक्षित निकालने वाले पाकिस्तानी बस चालक मेहेर मोहम्मद खलील को 'हमारे समय का नायक' की उपाधि दी है।
समाचार पत्र 'डेली मेल' और 'संडे आब्जर्वर' ने खलील को श्रीलंका स्थित पाकिस्तानी उच्चायोग के माध्यम से अपने यहां आने का निमंत्रण दिया है। यहां पहुंचने के बाद खलील को एक सप्ताह तक अपनी पत्नी के साथ मुफ्त रहने, खाने और घूमने की सुविधा दी जाएगी।
खलील को भेजे गए निमंत्रण पत्र में लिखा है, "हमारे प्यारे खिलाड़ियों की कीमती जान बचाने के बदले हम आपके एहसान को स्वीकार करते हुए एक यात्रा पैकेज के तहत श्रीलंका आने का प्रस्ताव दे रहे हैं।"
उल्लेखनीय है कि मंगलवार को दूसरे टेस्ट मैच के तीसरे दिन के खेल के लिए टीम होटल से गद्दाफी स्टेडियम जाते वक्त आतंकवादियों ने श्रीलंकाई टीम के काफिले पर स्वचालित हथियारों और ग्रेनेड से हमला किया था।
खलील की समझदारी और फुर्ति की वजह से कप्तान माहेला जयवर्धने, कुमार संगकारा, असंथा मेंडिस, थिलन समरवीरा, थरंगा पारानाविताना और चमिंडा वास सिर्फ मामूली रूप से घायल हुए लेकिन उनकी सुरक्षा में तैनात छह पुलिसकर्मी मारे गए थे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।