वेंगर का आर्सेनल के साथ करार जून 2010 में खत्म हो रहा है। एक तरफ जहां, लिवरपूल के प्रबंधक राफा बेनिट्ज अपने करार की नवीकरण की मांग कर रहे हैं वहीं वेंगर इस संबंध में चुप्पी साधे हुए हैं।
वेंगर ने एक तरह से संकेत दे दिया है कि वह कहीं और जाने की तैयारी में हैं। इस बात से फेब्रेगास काफी परेशान हैं। उन्होंने यहां तक कहा है कि वह आर्सेनल में सिर्फ वेंगर की वजह से हैं और अगर वेंगर यहां नहीं टिके तो वह भी उनके साथ हो लेंगे।
ऐसा कहा जा रहा है कि वेंगर स्पेन के क्लब रियल मैड्रिड या फिर इंग्लैंड के ही संकटग्रस्त क्लब मैनचेस्टर सिटी के साथ करार कर सकते हैं लेकिन इस संबंध में पुष्ट खबरों का अभी भी इंतजार है।
तो क्या वेंगर के साथ फेब्रेगास भी आर्सेनल छोड़ देंगे? इस सवाल के जवाब में खुद फेब्रेगास ने कहा, "अफवाह यह है कि वेंगर क्लब छोड़कर कहीं और जा रहे हैं। हालांकि मैं यह पिछले तीन साल से सुन रहा हूं। सच्चाई क्या है मैं नहीं जानता लेकिन इतना तय है कि जैसे ही वह यहां से जाएंगे, मैं भी इस क्लब को अलविदा कह दूंगा। मैं फिलहाल अर्सेनल में खुश हूं और मेरा मानना है कि आर्सेनल और बार्सिलोना यूरोप में सर्वश्रेष्ठ फुटबाल खेलते हैं।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।