दोनों सलामी बल्लेबाजों ने पहले विकेट के लिए 184 रन बनाकर और आस्ट्रेलिया को ठोस शुरुआत दी। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी मेहमान टीम ने भोजनकाल तक बिना कोई विकेट खोए 119 रन बनाए थे। अपना दूसरा टेस्ट मैच खेल रहे हगेज ने भोजनकाल के बाद 132 गेंदों का सामना करते हुए 17 चौकों और दो छक्कों की मदद से अपना पहला शतक पूरा किया।
हगेज का विकेट 184 रन के कुल योग पर गिरा। हगेज ने अपनी 151 गेदों की पारी में 19 चौके और दो छक्के लगाए। उनका विकेट जैक्स कैलिस के खाते में गया। इसके बाद कप्तान रिकी पोटिग कैटिच का साथ निभाने आए लेकिन वह नौ रन बनाकर पॉल हैरिस की गेंद पर नील मैकेंजी के हाथों लपके गए।
इस बीच कैटिच ने 190 गेंदों का सामना किया और 108 रन बनाए। उन्होंने 16 चौके जड़ें। पिछले साल मई महीने में टीम में अपनी वापसी करने के बाद कैटिच का यह पांचवां शतक है। स्टेन ने उन्हें अपना शिकार बनाया।
माइकल क्लार्क के रूप में आस्ट्रेलिया का चौथा विकेट गिरा। वह सस्ते में चलते बने। उन्होंने तीन रन बनाए। दिन का खेल समाप्त होने तक माइक हसी 37 रन और नार्थ 17 रन बनाकर मैदान पर डटे हुए थे।
तीन मैचों की श्रृंखला में आस्ट्रेलियाई टीम 1-0 की बढ़त बना चुकी है। जोहांसबर्ग में 26 फरवरी से तीन मार्च तक खेले गए पहले मुकाबले में मेहमान टीम ने 162 रनों से जीत दर्ज की थी।
दक्षिण अफ्रीका की ओर से हैरिस सबसे सफल गेंदबाज रहे। उन्होंने दो विकेट हासिल किए जबकि स्टेन और कैलिस को एक-एक विकेट मिला।
इंडो-एशियन न्यू्ज सर्विस।