वेबसाइट 'क्रिकइंफो डॉट कॉम' के मुताबिक शनिवार को आस्ट्रेलिया में न्यू साउथ वेल्स के ब्रेडमैन ओवल मैदान पर भारत की कप्तान झूलन गोस्वामी ने टॉस जीतकर पहले क्षेत्ररक्षण का फैसला किया। झूलन के फैसले को भारतीय गेंदबाजों ने मैच के शुरुआती लम्हे में ही सही साबित कर दिया।
पाकिस्तानी टीम के खाते में महज छह रन ही जुड़े थे कि रुमेली धार ने पाकिस्तान की सलामी बल्लेबाज बिसमाह मारूफ को गौहर सुल्ताना के हाथों कैच करवा दिया। इसके बाद पाकिस्तान के विकेटों के गिरने का सिलसिला थम न सका। पाकिस्तान की पूरी टीम 29 ओवरों में 57 रन बनाकर पेवेलियन लौट गई।
पाकिस्तान की ओर से सिर्फ दो खिलाड़ी ही दहाई का आंकड़ा पार कर सकीं। साना मीर ने 17 और नाईन आबिदी ने 11 रनों की पारी खेली। पाकिस्तानी टीम की चार बल्लेबाज बिना खाता खोले पेवेलियन लौट गईं। भारतीय टीम ने बिना कोई विकेट गवांए 10 ओवरों में ही मैच अपने नाम कर लिया। सलामी बल्लेबाज अंगदा देशपांडे ने 26 और अंजुम चोपड़ा ने 17 रनों की पारी खेली।
भारत की ओर से रुमेली सबसे सफल गेंदबाज रहीं। उन्होंने आठ ओवर में मात्र सात रन देकर तीन पाकिस्तानी बल्लेबाजों को चलता किया। वह मैन ऑफ द मैच भी चुनी गईं। उनके अलावा अमिता शर्मा और प्रियंका राय ने दो-दो खिलाड़ियों को आउट किया। कप्ताना झूलन ने भी एक विकेट अपने नाम किया।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।