वेबसाइट 'क्रिकइंफो डॉट कॉम' के मुताबिक स्थानीय क्वींस पार्क ओवल पर शुक्रवार को इंग्लैंड क्रिकेट टीम के कप्तान स्ट्राउस ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया। सलामी बल्लेबाज एलेस्टर कुक 12 रनों के निजी और 26 रनों के कुल स्कोर पर अपने कप्तान का साथ छोड़कर पेवेलियन लौट गए। उन्हें तेज गेंदबाज डेरेन पॉवेल ने विकेटकीपर दिनेश रामदीन के हाथों लपकवा दिया।
कुक के आउट होते ही बाएं हाथ के धाकड़ बल्लेबाज स्ट्राउस ने अपने हाथ दिखाने शुरू कर दिए। वह दिन का खेल खत्म होने पर 139 रन बनाकर मैदान पर मौजूद थे। इस बीच ओवेश शाह रिटायर्ड हर्ट होकर और पूर्व कप्तान केविन पीटरसरन ने मात्र 10 रन बनाकर पेवेलियन की राह पकड़ ली। रियान हाइंड की एक गेंद को पढ़ने में पीटरसरन से भूल हुई और गेंद उनके विकेट ले उड़ी। पहले दिन का खेल खत्म होने पर पॉल कालिंगवुड 54 रन बनाकर अपने कप्तान का साथ दे रहे थे।
उल्लेखनीय है कि श्रृंखला में वेस्टइंडीज 1-0 की बढ़त बनाए हुए है और सीरीज बचाने के लिए इंग्लैंड को हर हाल में यह टेस्ट जीतना पड़ेगा।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।