खबर लिखे जाने तक मेजबान टीम ने 32 ओवर के खेल में पांच विकेट खोकर 211 रन बना लिए थे। ग्रांट इलियट 11 रन बनाकर खेल रहे थे जबकि नए बल्लेबाज पीटर मैक्गलाशन ने पांच रन बनाए थे। मेजबान टीम को जीत के लिए 17 ओवर में 10.14 के औसत से 181 रनों की जरूरत है।
न्यूजीलैंड के साथ राइडर ने सबसे अधिक 105 रनों का योगदान दिया। उन्होंने 80 गेंदों का सामना करते हुए 12 चौके और चार छक्के लगाए। यह उनके करियर का पहला शतक है।
कार्यकारी कप्तान ब्रेंडन मैक्लम ने 68 गेंदों पर छह चौके और तीन छक्के लगाए लेकिन इसके अलावा और कोई बल्लेबाज भारतीय गेंदबाजों के अनुशासन के आगे नहीं टिक सका। रॉस टेलर, मार्क गुपटिल (1) और जैकब ओराम (7) ने निराश किया।
इससे पहले में भारतीय बल्लेबाजों ने चौकों और छक्कों की बरसात करते हुए 50 ओवर में चार विकेट के नुकसान पर 392 रन बनाए। भारतीय पारी में 18 छक्के लगे जो विश्व रिकार्ड की बराबरी है। युवराज सिंह ने छह, सचिन तेंदुलकर ने पांच, सुरेश रैना ने पांच और कप्तान महेंद्र सिंह धौनी ने दो छक्के जड़े।
न्यूजीलैंड के कप्तान मैक्लम ने टॉस जीतकर पहले क्षेत्ररक्षण का फैसला किया। भारत की शुरुआत अच्छी नहीं रही। वीरेंद्र सहवाग मात्र तीन रन बनाकर काइले मिल्स का शिकार बन गए।
सहवाग के पेवेलियन लौटने के बाद गौतम गंभीर भी ज्यादा देर तक तेंदुलकर का साथ नहीं दे सके और 15 रन बनाकर इयान बटलर को अपना विकेट थमा बैठे। इसके बाद मैदान पर आए युवराज और तेंदुलकर ने जमकर हाथ दिखाए।
तेंदुलकर ने भी शानदार बल्लेबाजी करते हुए 133 गेंदों पर 163 रन बनाए लेकिन वह अपनी पारी को आगे नहीं बढ़ा सके क्योंकि मांसपेशियों में खिंचाव के कारण उन्हें मैदान से बाहर जाना पड़ा।
तेंदुलकर ने अपनी तूफानी पारी के दौरान 16 चौके और पांच छक्के लगाए। मास्टर ब्लास्टर ने करियर का 43वां और न्यूजीलैंड की सरजमीं पर अपना पहला शतक जड़ा।
ग्रांट इलियट की एक गेंद पर आउट होने से पहले युवराज ने 60 गेंदों पर 87 रनों की आकर्षक पारी खेली। अपनी इस पारी के दौरान उन्होंने 10 चौके और छह गगनचुंबी छक्के लगाए। कप्तान महेंद्र सिंह धौनी ने भी 58 गेंदों पर 68 रन बनाए। रैना ने भी 18 गेंदों पर 38 रनों की आतिशी पारी खेली।
न्यूजीलैंड की ओर से मिल्स सबसे सफल गेंदबाज रहे। उन्होंने 10 आवरों में 58 रन खर्च करके दो विकेट अपने नाम किए। उनके अलावा बटलर और इलियट ने भी एक-एक विकेट झटके। टिम साउथी बेहद महंगे साबित हुए। उन्होंने अपने कोटे के 10 ओवर मे 105 रन दिए।
पांच मैचों की एकदिवसीय श्रृंखला में भारत 1-0 से आगे चल रहा है। उसने नेपियर में खेला गया पहला मैच 53 रनों से जीता था जबकि दूसरे मैच का नतीजा नहीं निकल सका था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।