तेंदुलकर की बदौलत भारत ने न्यूजीलैंड पर 2-0 की बढ़त बनाई (राउंडअप)

By Staff

टॉस हारने के बाद पहले बल्लेबाजी करते हुए भारतीय टीम ने 'मैन ऑफ द मैच' तेंदुलकर (163 रन रिटायर्ड हर्ट ) के बेहतरीन शतक की बदौलत निर्धारित 50 ओवरों में चार विकेट पर 392 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया। जवाब में मेजबान टीम 45.1 ओवरों में 334 रन बनाकर पेवेलियन लौट गई।

मेजबान टीम की ओर से जेस राइडर ने शानदार शतक लगाते हुए 393 रनों के लक्ष्य के जवाब में अपनी टीम को तेज शुरुआत दी थी। अपनी 80 गेंदों की पारी में 12 चौके और चार छक्के लगाने वाले राइडर ने कप्तान ब्रेंडन मैक्लम (71) के साथ पहले विकेट के लिए 166 रन जोड़े।

राइडर और मैक्लम के रहते किवी टीम बड़ी तेजी से लक्ष्य की तरफ बढ़ रही थी लेकिन उनके आउट होने के बाद न सिर्फ रनों का अकाल पड़ गया बल्कि बढ़ते रन रेट के दबाव में विकेट भी जल्दी-जल्दी गिरने लगे।

एक समय मेजबान टीम ने 33.5 ओवर में 218 रनों पर अपने सात विकेट गंवा दिए थे। इस लिहाज से उसकी हार काफी करीब दिख रही थी लेकिन केइल मिल्स, इयान बटलर और टिम साउथी ने धुआंधार बल्लेबाजी कर भारतीय टीम को जीत के लिए काफी इंतजार करवाया।

बटलर (24) ने अपनी 19 गेंदों की पारी में एक चौका और एक छक्का लगाया जबकि मिल्स ने 32 गेंदों पर छह चौकों और तीन छक्कों की मदद से 54 रनों की तूफानी पारी खेली। उन्होंने साउथी के साथ 83 रनों की बेशकीमती साझेदारी निभाकर अपनी टीम का स्कोर 300 के पार पहुंचा दिया। साउथी ने अपनी 32 रनों की पारी में 20 गेंदों का सामना करते हुए तीन चौके और दो छक्के लगाए।

मिल्स और साउथी के विकेट पर रहते भारतीय टीम काफी चिंतामग्न लग रही थी। शुरुआती ओवरों के बाद दूसरी बार भारतीय गेंदबाज दवाब में दिखे। इसी का नतीजा था कि मुनाफ पटेल ने अपने एक ही ओवर में दो बार नो-बॉल फेंकी। इसके बाद उन्हें गेंदबाजी से हटा दिया गया।

मुनाफ का ओवर यूसुफ पठान ने पूरा किया और मिल्स को जहीर खान के हाथों कैच कराकर अपनी टीम को राहत की सांस लेने का मौका दिया। भारत की ओर से हरभजन सिंह, युवराज सिंह और जहीर ने दो-दो विकेट लिए जबकि प्रवीन कुमार और यूसुफ ने एक-एक विकेट झटके।

पांच मैचों की श्रृंखला में भारतीय टीम 2-0 की बढ़त बना चुकी है। नेपियर में खेला गया पहला मैच उसने 53 रनों से जीता था जबकि दूसरा मैच बेनतीजा रहा था। चौथा मैच 11 मार्च को हेमिल्टन के सिडन पार्क स्टेडियम में खेला जाएगा।

इससे पहले, भारतीय बल्लेबाजों ने खिली धूप में चौकों और छक्कों की बरसात करते हुए 50 ओवर में चार विकेट के नुकसान पर 392 रन बना डाले। भारतीय पारी में 18 छक्के लगे जो विश्व रिकार्ड की बराबरी है। युवराज सिंह ने छह, तेंदुलकर ने पांच, सुरेश रैना ने पांच और कप्तान महेंद्र सिंह धौनी ने दो छक्के जड़े।

न्यूजीलैंड के कप्तान मैक्लम ने टॉस जीतकर पहले क्षेत्ररक्षण का फैसला किया। भारत की शुरुआत अच्छी नहीं रही। वीरेंद्र सहवाग मात्र तीन रन बनाकर मिल्स का शिकार बन गए।

सहवाग के पेवेलियन लौटने के बाद गौतम गंभीर भी ज्यादा देर तक तेंदुलकर का साथ नहीं दे सके और 15 रन बनाकर बटलर को अपना विकेट थमा बैठे। इसके बाद मैदान पर आए युवराज ने तेंदुलकर के साथ जमकर हाथ दिखाए।

तेंदुलकर ने भी शानदार बल्लेबाजी करते हुए 133 गेंदों पर 163 रन बनाए लेकिन वह अपनी पारी को आगे नहीं बढ़ा सके क्योंकि मांसपेशियों में खिंचाव के कारण उन्हें मैदान से बाहर जाना पड़ा। तेंदुलकर ने अपनी तूफानी पारी के दौरान 16 चौके और पांच छक्के लगाए। मास्टर ब्लास्टर ने न्यूजीलैंड की सरजमीं पर अपना पहला शतक जड़ा।

इलियट की एक गेंद पर आउट होने से पहले युवराज ने 60 गेंदों पर 87 रनों की आकर्षक पारी खेली। अपनी इस पारी के दौरान उन्होंने 10 चौके और छह गगनचुंबी छक्के लगाए। कप्तान धौनी ने भी 58 गेंदों पर 68 रन बनाए। रैना ने भी 18 गेंदों पर 38 रनों की आतिशी पारी खेली।

न्यूजीलैंड की ओर से मिल्स सबसे सफल गेंदबाज रहे। उन्होंने 10 आवरों में 58 रन खर्च करके दो विकेट अपने नाम किए। उनके अलावा बटलर और इलियट ने भी एक-एक विकेट झटके। साउथी बेहद महंगे साबित हुए। उन्होंने अपने कोटे के 10 ओवर में 105 रन दिए।

इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।

Story first published: Sunday, March 8, 2009, 5:15 [IST]
Other articles published on Mar 8, 2009
Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+