वेबसाइट 'स्पोर्टिगलाइफ डॉट कॉम' के मुताबिक बट्ट ने 'बीबीसी लाइव स्पोर्ट्सवीक' कार्यक्रम के दौरान कहा, "मैं आशा कर रहा हूं कि जल्द ही कोई न कोई अंतर्राष्ट्रीय टीम हमारे देश का दौरा करेगी, जिससे कि हम यह साबित कर सकेंगे कि हमारी 2011 विश्व कप की मेजबानी को कोई खतरा नहीं है।"
बट्ट ने कहा कि इस बार वह अपने देश की सरकार और अपनी ओर से पाकिस्तान जाने वाली टीमों को सुरक्षा की पूरी गारंटी देंगे क्योंकि पिछले मंगलवार को लाहौर में श्रीलंकाई क्रिकेटरों पर हुए हमले के बाद पीसीबी के लिए प्रमुख मुद्दा सुरक्षा का ही रह गया है।
उन्होंने कहा, "हमारे लिए सुरक्षा सर्वोपरि है, इसलिए हम यहां आने वाली टीमों को इस बात की गारंटी देंगे कि उन्हें किसी भी तरह की अप्रिय घटना का सामना नहीं करना पड़ेगा। यह पीसीबी के साथ-साथ पाकिस्तान सरकार की जिम्मेदारी है। हम तब तक टीमों को अपने यहां आने का निमंत्रण नहीं देंगे, जब तक हम उनकी सुरक्षा को लेकर आश्वस्त न हो जाएं।"
इंडो-एशियन न्यू्ज सर्विस।