वेबसाइट 'क्रिकइंफो डॉट कॉम' के मुताबिक क्राइस्टचर्च के एएमआई स्टेडियम में भारतीय बल्लेबाजों ने छक्कों की बरसात कर दी। भारतीय पारी में 18 छक्के लगे जो विश्व रिकार्ड की बराबरी है। युवराज सिंह ने छह, तेंदुलकर ने पांच, सुरेश रैना ने पांच और कप्तान महेंद्र सिंह धौनी ने दो छक्के जड़े।
इससे पहले न्यूजीलैंड के कप्तान डेनियल विटोरी ने टॉस जीतकर पहले क्षेत्ररक्षण का फैसला किया। भारत की शुरुआत अच्छी नहीं रही। धाकड़ बल्लेबाज वीरेंद्र सहवाग मात्र तीन रन बनाकर काइले मिल्स का शिकार बन गए। सहवाग के पेवेलियन लौटने के बाद खराब फार्म से जूझ रहे गौतम गंभीर भी ज्यादा देर तक तेंदुलकर का साथ नहीं दे सके और 15 रन बनाकर इयान बटलर को अपना विकेट थमा बैठे। इसके बाद मैदान पर आए युवराज और तेंदुलकर ने जमकर हाथ दिखाए।
तेंदुलकर ने भी शानदार बल्लेबाजी करते हुए 133 गेंदों पर 163 रन बनाकर रिटायर्ड हर्ट हो गए। उन्होंने अपनी तूफानी पारी के दौरान 16 चौके और पांच छक्के लगाए। मास्टर ब्लास्टर ने करियर का 43वां और न्यूजीलैंड की सरजमीं पर अपना पहला शतक जड़ा। ग्रांट इलियट की एक गेंद पर आउट होने से पहले युवराज ने 60 गेंदों पर 87 रनों की आकर्षक पारी खेली। अपनी इस पारी के दौरान उन्होंने 10 चौके और छह गगनचुंबी छक्के लगाए। कप्तान धौनी ने भी 58 गेंदों पर 68 रन बनाए। रैना ने भी 18 गेंदों पर 38 रनों की आतिशी पारी खेली।
न्यूजीलैंड की ओर से मिल्स सबसे सफल गेंदबाज रहे। उन्होंने 10 आवरों में 58 रन खर्च करके दो विकेट अपने नाम किए। उनके अलावा बटलर और इलियट ने भी एक-एक विकेट झटके।
उल्लेखनीय है कि पांच मैचों की एकदिवसीय श्रृंखला में भारत नेपियर एकदिवसीय मैच जीतकर 1-0 की बढ़त बनाए हुए है। दूसरा मैच बारिश की भेंट चढ़ गया था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।