न्यूजीलैंड के समाचार पत्र 'न्यूजीलैंड हेराल्ड' के मुताबिक बटलर की जांघ की मांसपेशी में खिंचाव है और इसी कारण उन्हें आराम दिया जा रहा है।
न्यूजीलैंड क्रिकेट बोर्ड (एनजेडसी) के प्रवक्ता स्टीफन हिल ने बताया कि बटलर 14 मार्च को ऑकलैंड में खेले जाने वाले पांचवें एकदिवसीय मुकाबले में टीम के साथ होंगे।
बटलर को क्राइस्टचर्च में रविवार को खेले गए तीसरे एकदवसीय मुकाबले के दौरान चोट लगी थी। इस कारण वह सिर्फ पांच ओवर गेंदबाजी कर पाए थे।
बटलर का स्थान लेने के लिए सेंट्रल डिस्ट्रिक के हरफनमौला खिलाड़ी इवेन थाम्पसन को टीम में शामिल किया गया है। थाम्पसन ट्वेंटी-20 श्रृंखला में न्यूजीलैंड टीम का हिस्सा थे।
उधर, कप्तान डेनियर विटोरी पिता बनने के बाद चौथे मुकाबले में एक बार फिर टीम का नेतृत्व करेंगे। विटोरी की पत्नी मैरी ने सोमवार को बेटे को जन्म दिया। पत्नी के पास होने के कारण विटोरी तीसरे एकदिवसीय मैच में नहीं खेल सके थे।
पांच मैचों की श्रृंखला में मेजबान टीम 0-2 से पीछे चल रही है। भारत ने पहला मैच 53 रन से जीता था, जबकि दूसरा मैच बारिश के कारण रद्द कर दिया गया था। तीसरे मैच में एक बार फिर भारतीय टीम ने 58 रनों से जीत हासिल की।
चौथे एकदिवसीय मुकाबले के लिए मेजबान टीम इस प्रकार है : डेनियल विटोरी (कप्तान), ग्रांट इलियट, मार्टिन गुपटिल, ब्रेंडन मैक्लम, पीटर मैक्गलाशन, केइल मिल्स, इयान ओ' ब्रायन, जैकब ओराम, जीतन पटेल, जेस राइडर, रॉस टेलर और इवेन थाम्पसन।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।