स्थानीय मानुका ओवल मैदान में टॉस जीतने के बाद पहले बल्लेबाजी करते हुए पाकिस्तानी महिलाओं ने नैन आबिदी (26), साजिदा शाह (21), कप्तान उरूज मुमताज (20) और मीर (नाबाद 22) की उम्दा बल्लेबाजी की बदौलत निर्धारित 50 ओवरों में सात विकेट खोकर 161 रन बनाए।
जवाब में श्रीलंकाई टीम 39.4 ओवर में 104 रन बनाकर पेवेलियन लौट गई। श्रीलंका की ओर से कप्तान शशिकला श्रीवर्धने ने 58 रनों की बेहतरीन पारी खेली लेकिन उनका प्रयास टीम को जीत दिलाने के लिए नाकाफी साबित हुआ।
पाकिस्तानी टीम की सधी गेंदबाजी और चुस्त क्षेत्ररक्षण के आगे श्रीलंका टीम के नौ बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा भी नहीं छू सके। पाकिस्तानी क्षेत्ररक्षकों ने तीन बल्लेबाजों को रन आउट किया।
बल्लेबाजी के दौरान 19 रनों का योगदान देने के अलावा तीन विकेट झटकने वाली कानिता को 'वुमैन ऑफ द मैच' चुना गया।
ग्रुप-बी में भारत और पाकिस्तान की टीमों ने एक-एक जीत दर्ज की है जबकि श्रीलंका ने अभी खाता नहीं खोला है।
सात मार्च को खेले गए टूर्नामेंट के दूसरे मुकाबले में भारत ने पाकिस्तान को 10 विकेट से रौंद दिया था। भारतीय टीम की अगली भिड़ंत 12 मार्च को श्रीलंका के साथ होना है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।