कराची, 9 मार्च (आईएएनएस)। समय की कमी के कारण पाकिस्तानी क्रिकेट टीम का बांग्लादेश दौरा संक्षिप्त किया जा सकता है।
सूत्रों के मुताबिक इस श्रृंखला के तहत पाकिस्तान को बांग्लादेश में पांच एकदिवसीय और दो ट्वेंटी-20 मैच खेलने हैं लेकिन अब इन मैचों की संख्या घटाई जा सकती है।
कार्यक्रम के पुनर्निधारण में आ रही दिक्कतों के कारण इस श्रृंखला के अंतर्गत तीन एकदिवसीय और एक ट्वेंटी-20 मैच ही खेला जाएगा।
इस श्रृंखला को 10 मार्च से शुरू होना था लेकिन लाहौर में पिछले मंगलवार को श्रीलंकाई खिलाड़ियों पर हुए आतंकी हमले के बाद इसे स्थगित कर दिया गया था।
श्रृंखला के लिए पाकिस्तानी टीम को सात मार्च को ढाका पहुंचना था, लेकिन अब वह नए कार्यक्रम के अनुसार रवाना होगी। इसके तुरंत बाद पाकिस्तानी टीम 20 अप्रैल से पांच मई तक अबू धाबी और दुबई में आस्ट्रेलिया के साथ खेलेगी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।