दक्षिण अफ्रीका ने चौथे दिन का खेल खत्म होने तक अपनी दूसरी पारी में दो विकेट के नुकसान पर 244 रन बना लिए। कैलिस 161 गेंदों पर 11 चौकों की मदद से 84 रन बनाकर नाबाद लौटे जबकि डिविलियर्स ने 166 गेंदों पर सात चौकों की मदद से 68 रन बनाए हैं।
मेजबान टीम को जीत के लिए अभी भी 302 रनों की जरूरत है जबकि उसके आठ विकेट शेष हैं। उसने हाशिम अमला (43) और नील मैकेंजी (31) के रूप में अपने दोनों सलामी बल्लेबाजों को 80 रन के कुल योग पर ही खो दिया था।
अमला ने अपनी 82 गेंदों की पारी में आठ चौके लगाए जबकि मैकेंजी ने 78 गेंदों का सामना करते हुए पांच चौके जड़े। दोनों विकेट पीटर सिडल के खाते में गए।
इससे पहले, आस्ट्रेलिया ने दक्षिण अफ्रीका के सामने 546 रनों का विशाल लक्ष्य रखा। मैच के चौथे दिन आस्ट्रेलिया ने पांच विकेट पर 331 रन बनाकर अपनी दूसरी पारी घोषित कर दी।
पहली पारी के आधार पर मिले 214 रनों की बढ़त को मिलाकर उसकी कुल बढ़त 545 रनों की हो गई। आस्ट्रेलिया ने अपनी पहली पारी में 352 रन बनाए थे जबकि मेजबान टीम अपनी पहली पारी में 138 रन ही बना सकी थी।
दूसरी पारी में आस्ट्रेलिया की ओर से फिल हगेज ने सर्वाधिक 160 रन बनाए। मैच के तीसरे दिन 136 रनों पर नाबाद लौटे हगेज ने 323 गेंदों का सामना करते हुए 15 चौके और तीन छक्के लगाए।
अपना दूसरा टेस्ट मैच खेल रहे हगेज ने पहली पारी में भी शतक लगाया था। उपकप्तान माइकल क्लार्क 39 गेंदों पर दो चौकों की मदद से 23 रन बनाकर नाबाद लौटे जबकि कप्तान रिकी पोंटिंग ने 81 और सलामी बल्लेबाज साइमन कैटिच ने 30 रन बनाए। पोंटिंग और कैटिक के विकेट तीसरे दिन गिर गए थे।
दूसरी पारी में दक्षिण अफ्रीका की ओर से ड्वेन स्टेन, मखाया एंटिनी, मोर्न मोर्कल, जैक्स कैलिस और जीन पॉल डुमिनी ने एक-एक विकेट लिए। तीन मैचों की श्रृंखला में मेहमान टीम 1-0 से आगे चल रही है। उसने जोहांसबर्ग में खेला गया पहला मैच 162 रनों से जीता था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।