मैच के चौथे दिन दो विकेट के नुकसान पर 244 रन बनाने वाली मेजबान टीम ने पांचवें दिन भोजनकाल तक अपनी दूसरी पारी में चार विकेट के नुकसान पर 280 रन बना लिए थे।
चौथे दिन 84 रन पर नाबाद लौटने वाले कैलिस 175 गेंदों पर 13 चौकों की मदद से 93 रन बनाकर आउट हुए जबकि डिविलियर्स ने 199 गेंदों पर नौ चौकों की मदद से 84 रन बनाए।
डिविलियर्स एक दिन पहले के अपने स्कोर में 16 रन ही जोड़ सके। उन्होंने कैलिस के साथ तीसरे विकेट के लिए 187 रन जोड़े।
मेजबान टीम को जीत के लिए अभी भी 266 रनों की जरूरत है जबकि उसके छह विकेट शेष हैं। भोजनकाल के समय मार्क बाउचर ने एक रन बनाए थे जबकि जीन पॉल डुमिनी के खाते में छह रन जुड़े थे।
मेजबान टीम ने चौथे दिन हाशिम अमला (43) और नील मैकेंजी (31) के रूप में अपने दोनों सलामी बल्लेबाजों को 80 रन के कुल योग पर ही खो दिया था।
इससे पहले, आस्ट्रेलिया ने दक्षिण अफ्रीका के सामने 546 रनों का विशाल लक्ष्य रखा। मैच के चौथे दिन आस्ट्रेलिया ने पांच विकेट पर 331 रन बनाकर अपनी दूसरी पारी घोषित कर दी थी।
पहली पारी के आधार पर मिले 214 रनों की बढ़त को मिलाकर उसकी कुल बढ़त 545 रनों की हो गई। आस्ट्रेलिया ने अपनी पहली पारी में 352 रन बनाए थे जबकि मेजबान टीम अपनी पहली पारी में 138 रन ही बना सकी थी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।