इसी के साथ रिकी पोंटिंग की टीम ने दक्षिण अफ्रीका से नंबर-1 टेस्ट टीम का ताज भी छीन लिया है, जो उसने दो महीने पहले खेली गई चार मैचों की टेस्ट श्रृंखला में 2-1 की जीत के साथ हासिल किया था।
मैच के पांचवें दिन मंगलवार को 546 रनों के लक्ष्य का पीछा कर रही मेजबान टीम 370 रन बनाकर पेवेलियन लौट गई। कप्तान ग्रीम स्मिथ चोटिल होने के कारण बल्लेबाजी नहीं कर सके। आस्ट्रेलिया की ओर से पीटर सिडल और साइमन कैटिच ने तीन-तीन विकेट लिए।
आस्ट्रेलिया ने चौथे दिन पांच विकेट पर 331 रन बनाकर अपनी दूसरी पारी घोषित कर दी थी। मेहमान टीम ने अपनी पहली पारी में 352 रन बनाए थे जबकि मेजबान टीम अपनी पहली पारी में 138 रन ही बना सकी थी। पहली पारी के आधार पर मिले 214 रनों की बढ़त को मिलाकर उसकी कुल बढ़त 545 रनों की हो गई थी।
चौैथे दिन के अपने स्कोर दो विकेट के नुकसान पर 244 रन से आगे खेलते हुए दक्षिण अफ्रीका ने पांचवें दिन मंगलवार को 267 रन के कुल योग पर जैक्स कैलिस (93) का विकेट गंवा दिया। अब्राहम डिविलियर्स के साथ तीसरे विकेट के लिए 187 रन जोड़ने वाले कैलिस ने अपनी 175 गेंदों की पारी में 13 चौके लगाए।
कैलिस का विकेट गिरने के 12 रन बाद डिविलियर्स भी एक जुझारू पारी खेलने के बाद पेवेलियन लौट गए। डिविलियर्स ने 199 गेंदों पर नौ चौकों की मदद से 84 रन बनाए।
इसके बाद जीन पॉल डुमिनी (17) और पॉल हैरिस ज्यादा संघर्ष नहीं कर सके और कुल योग के 307 रन तक पहुंचते-पहुंचते पेवेलियन लौट गए। मार्क बाउचर (25) और मोर्न मोर्कल (24) ने हालांकि हार टालने का भरपूर प्रयास किया लेकिन उनका यह प्रयास 363 रनों पहुंचते ही दम तोड़ गया।
दिग्गजों के पेवेलियन लौटने के बाद पुछल्ले बल्लेबाज ड्वेन स्टेन (7) और मखाया एंटिनी (4) का आउट होना महज औपचारिकता रह गया था। इस तरह मेजबान टीम 370 रन के कुल योग पर सिमट गई। चोटिल होने के कारण कप्तान ग्रीम स्मिथ बल्लेबाजी के लिए नहीं उतर सके।
अपना दूसरा टेस्ट मैच खेलते हुए दोनों पारियों में शतक लगाने वाले आस्ट्रेलिया के युवा सलामी बल्लेबाज फिल हगेज को 'मैन ऑफ द मैच' चुना गया। हगेज ने पहली पारी में 115 और दूसरी पारी में 160 रन बनाए थे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।