मोदी के मुताबिक इसके लिए लीग ने दक्षिण अफ्रीकी सुरक्षा एजेंसी निकोलस स्टेन को अपने साथ जोड़ा है। मोदी ने मैचों के दौरान खिलाड़ियों की पर्याप्त सुरक्षा की गारंटी दी।
मोदी ने कहा कि आईपीएल के दौरान विदेशी खिलाड़ियों की सुरक्षा सबसे अहम मुद्दा होगा। इसके लिए एक केंद्रीय टीम गठित की जाएगी जो पुलिस की मदद से आयोजन स्थलों की सुरक्षा की निगरानी करेगी।
मोदी ने कहा, "पिछली बार खिलाड़ियों की सुरक्षा का जिम्मा संबंधित फ्रेंचाइजी टीमों के हाथ में था लेकिन इस बार हम किसी प्रकार का जोखिम नहीं उठा सकते, लिहाजा हमने सुरक्षा का काम अपने हाथ में ले लिया है। खिलाड़ियों के भारत पहुंचने और यहां से रवाना होने तक सुरक्षा की जिम्मेदारी आईपीएल प्रशासकीय समिति की ही होगी।"
मोदी ने अपनी बात को विस्तार देते हुए कहा कि खिलाड़ियों को ठीक वैसी ही सुरक्षा दी जाएगी, जैसी कि मुंबई हमले के बाद टेस्ट श्रृंखला खेलने भारत लौटी इंग्लैंड की टीम को दी गई थी।
आईपीएल अध्यक्ष ने कहा कि टीमों की सुरक्षा के लिए होटलों और मैदानों में हजारों की संख्या में सुरक्षा बल और कमांडो तैनात किए जाएंगे। इसके अलावा संबंधित इमारतों पर भी बंदूकधारी तैनात किए जाएंगे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।