For Quick Alerts
ALLOW NOTIFICATIONS  
For Daily Alerts

आईपीएल पर होगा सुरक्षा का जिम्मा, अहमदाबाद और विशाखापट्टनम होंगे नए आयोजन स्थल (राउंडअप)

By Staff

मोदी के मुताबिक 45 दिनों तक चलने वाले क्रिकेट के इस महाकुंभ के लिए आयोजन समिति ने दक्षिण अफ्रीकी सुरक्षा एजेंसी निकोलस स्टेन को अपने साथ जोड़ा है। मोदी ने मैचों के दौरान खिलाड़ियों की पर्याप्त सुरक्षा की गारंटी का भरोसा दिया। इस सुरक्षा एजेंसी पर 2004 एथेंस ओलंपिक और 2007 विश्व कप की सुरक्षा की जिम्मेदारी थी। इसके अलावा इस एजेंसी को 2010 फीफा विश्व कप की सुरक्षा व्यवस्था का काम भी सौंपा गया है।

मोदी ने कहा कि आईपीएल के दौरान विदेशी खिलाड़ियों की सुरक्षा सबसे अहम मुद्दा होगा। इसके लिए एक केंद्रीय टीम गठित की जाएगी जो पुलिस की मदद से आयोजन स्थलों की सुरक्षा की निगरानी करेगी।

मोदी ने कहा, "पिछली बार खिलाड़ियों की सुरक्षा का जिम्मा संबंधित फ्रेंचाइजी टीमों के हाथ में था लेकिन इस बार हम किसी प्रकार का जोखिम नहीं उठा सकते, लिहाजा हमने सुरक्षा का काम अपने हाथ में ले लिया है। खिलाड़ियों के भारत पहुंचने और यहां से रवाना होने तक सुरक्षा की जिम्मेदारी आईपीएल प्रशासकीय समिति की ही होगी।"

मोदी ने अपनी बात को विस्तार देते हुए कहा कि खिलाड़ियों को ठीक वैसी ही सुरक्षा दी जाएगी, जैसी कि मुंबई हमले के बाद टेस्ट श्रृंखला खेलने भारत लौटी इंग्लैंड की टीम को दी गई थी। टीमों की सुरक्षा के लिए होटलों और मैदानों में हजारों की संख्या में सुरक्षा बल और कमांडो तैनात किए जाएंगे। इसके अलावा संबंधित इमारतों पर भी बंदूकधारी तैनात किए जाएंगे।

इसके अलावा मोदी ने कहा है कि आठ नियमित मेजबान शहरों के अलावा इस प्रतिष्ठित ट्वेंटी-20 टूर्नामेंट के दूसरे संस्करण के मुकाबले नागपुर और धर्मशाला जैसे शहरों में भी कराए जा सकते हैं। आईपीएल के पहले संस्करण के मुकाबले मुंबई, बेंगलुरू, चेन्नई, हैदराबाद, कोलकाता, नई दिल्ली, चंडीगढ़ और जयपुर में खेले गए थे।

मोदी ने कहा कि आठ प्रमुख शहरों के अलावा अहमदाबाद और विशाखापट्टनम को आयोजन स्थलों की सूची में शामिल किया जा चुका है और अब इसमें हिमाचल प्रदेश के शहर धर्मशाला और महाराष्ट्र के शहर नागपुर को भी जोड़ने पर विचार किया जा रहा है।

मोदी ने जयपुर को आयोजन स्थलों की सूची से हटाए जाने की खबरों को बेबुनियाद बताया। उन्होंने कहा कि गुलाबी नगरी में राजस्थान रॉयल्स के मैच कराए जाएंगे। मोदी ने कहा कि चेन्नई सुपरकिंग्स टीम अपने सभी मैच चेन्नई में ही खेलेगी।

उन्होंने कहा, "मैं यह नहीं कह सकता कि जयपुर में कितने मैच कराए जाएंगे लेकिन इतना तय है कि वहां राजस्थान रॉयल्स टीम से जुड़े मैच कराए जाएंगे। फिलहाल हमें राजस्थान सरकार की ओर से सुरक्षा संबंधी आश्वासन का इंतजार है। मुश्किल यह है कि चुनावों के मद्देनजर हम मई में वहां मैच नहीं करा सकते।"

मोदी ने एक बार फिर कहा कि आईपीएल के दूसरे संस्करण का आयोजन अगले महीने ही होगा लेकिन लोकसभा चुनावों के मद्देनजर इसके लिए सुरक्षाबलों की तैनाती में कमी की आशंका अब भी बरकरार है। मोदी के मुताबिक आईपीएल का उद्घाटन और समापन समारोह नवी मुंबई स्थित डी.वाई. पाटिल स्टेडियम में आयोजित किया जाएगा। फाइनल मुकाबला 24 मई को मुंबई में खेला जाएगा।

क्रिकेट प्रशंसकों को अच्छी खबर सुनाते हुए मोदी ने कहा कि अब वे आईपीएल मैचों का लुत्फ मल्टीप्लेक्स सिनेमाघरों के बड़े पर्दे पर उठा सकेंगे। मोदी ने कहा कि आईपीएल मैचों के प्रसारण का अधिकार हासिल करने के मकसद से मल्टीप्लेक्स सिनेमाघरों के लिए निविदा आमंत्रित की जा रही है।

उन्होंने कहा, "हमने मल्टीप्लेक्स सिनेमाघरों के लिए निविदा जारी की है। इसके अंतर्गत जिस शहर में मैच खेले जा रहे हैं, उस शहर के मल्टीप्लेक्स लाइव प्रसारण नहीं कर सकेंगे, बाकी के शहरों में मैच का लाइव प्रसारण देखा जा सकेगा।"

मोदी ने बताया कि स्थानीय प्रशंसकों को आकर्षित करने के लिए आईपीएल मैचों के प्रसारण के दौरान कई भाषाओं में कमेंट्री कराने की तैयारी की जा रही है। मोदी ने कहा, "चेन्नई का प्रशंसक तमिल में इन मैचों की कमेंट्री सुन सकेगा।"

इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।

*

Story first published: Tuesday, November 14, 2017, 12:21 [IST]
Other articles published on Nov 14, 2017
Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+