वर्षा के कारण जिस समय खेल आखिरी बार रोका गया उस समय तक भारत ने 23.3 ओवरों के खेल में बिना किसी नुकसान के 201 रन बना लिए थे। खेल रोके जाते समय वीरेंद्र सहवाग 125 और गौतम गंभीर 63 रन बनाकर मैदान पर थे।
बारिश के कारण मैच में बार-बार व्यवधान आया और लक्ष्य में अंतिम संशोधन के बाद डकवर्थ लुइस नियम के तहत भारत को 84 रनों से विजयी घोषित किया गया।
सहवाग ने विस्फोटक बल्लेबाजी करते हुए महज 60 गेंदों पर अपना शतक पूरा किया जो कि भारत की ओर से एक रिकार्ड है। इसके साथ ही वह एकदिवसीय मैचों में सबसे तेज शतक लगाने वाले दुनिया के सातवें बल्लेबाज बन गए। सहवाग ने 74 गेंदों की अपनी पारी में 14 चौके और छह छक्के लगाए। दूसरे छोर से गौतम गंभीर ने उनका बखूबी साथ दिया और वह 63 रन बनाकर नाबाद रहे।
इससे पहले न्यूजीलैंड की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत के खिलाफ निर्धारित 47 ओवरों में 270 रन बनाए लेकिन डकवर्थ लुइस नियम के तहत भारत के समक्ष पहले 47 ओवर में 281 और उसके बाद 43 ओवरों में 263 रन बनाने की चुनौती रखी गई।
सलामी बल्लेबाजों जेस राइडर और ब्रेंडन मैक्लम के शानदार आगाज के बाद एक समय न्यूजीलैंड की पारी लड़खड़ाती दिखाई दी लेकिन मैकग्लाशन और इलियट की शानदार बल्लेबाजी ने मेजबान टीम को बेहद चुनौतीपूर्ण स्कोर खड़ा करने में मदद की।
मैकग्लाशन और इलियट ने छठे विकेट के लिए महज 10 ओवरों में 95 रनों की नाबाद साझीदारी की। मैकग्लाशन 56 और इलियट 35 रनों पर नाबाद रहे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*