आईसीसी की कार्यकारिणी श्रीलंका से सितंबर में होने वाली इस प्रतियोगिता की मेजबानी का अधिकार वापस लेने पर विचार कर रही है। उसका कहना है कि साल के इस महीने में वहां काफी अधिक बारिश होती है, लिहाजा मैचों का आयोजन ठीक से नहीं हो सकता।
आईसीसी के मुताबिक बुधवार को आयोजित टेलीकांफ्रेंसिंग के दौरान श्रीलंका क्रिकेट बोर्ड (एसएलसी) प्रतियोगिता के बाधा रहित आयोजन की गारंटी नहीं दे पाया।
इसका कारण यह है कि प्रतियोगिता का आयोजन इस साल 24 सिंतबर से पांच अक्टूबर तक होना है और इस वक्त कोलंबो में काफी बरसात होती है। आईसीसी ने कहा कि इस संबंध में अंतिम फैसला सोमवार को लिया जाएगा।
आईसीसी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी हारुन लोगर्ट ने कहा, "सितंबर में श्रीलंका में चैंपियंस ट्रॉफी का आयोजन कराना खतरे से खाली नहीं क्योंकि साल के इस वक्त में वहां काफी अधिक बारिश होती है। अगर हम सितंबर में इसका आयोजन नहीं करा पाए तो फिर इस साल इसके लिए समय निकाल पाना नामुमकिन हो जाएगा।"
चैंपियंस ट्रॉफी का आयोजन पिछले साल सितंबर में पाकिस्तान के लाहौर और कराची शहरों में होना था लेकिन सुरक्षा कारणों से इसे स्थगित कर दिया गया था। बाद में आईसीसी ने इसे श्रीलंका में कराने का फैसला किया लेकिन अब इसकी मेजबानी दक्षिण अफ्रीका को सौंपने की तैयारी की जा रही है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।