सहवाग ने बुधवार को हेमिल्टन में न्यूजीलैंड के साथ खेले गए चौथे एकदिवसीय मुकाबले में 60 गेंदों पर शतक पूरा किया। उन्होंने मोहम्मद अजहरुद्दीन का 21 साल पुराना रिकार्ड दो गेंदों के अंतर से ध्वस्त किया।
अजहर ने 1998 में वड़ोदरा में न्यूजीलैंड के ही खिलाफ 62 गेंदों पर तीन चौकों और 10 छक्कों की मदद से शतक लगाने का कारनामा किया था।
इससे पहले भारत के लिए दूसरा सबसे तेज शतक लगाने का रिकार्ड युवराज सिंह के नाम दर्ज था, जिन्होंने 2008 में इंग्लैंड के खिलाफ राजकोट में 64 गेंदों का सामना करते हुए 100 रन बनाए थे। युवराज ने अपनी नाबाद 138 रनों की पारी में छह चौके और 16 छक्के लगाए थे।
सबसे तेज एकदिवसीय शतक लगाने का विश्व रिकार्ड पिछले 13 साल से पाकिस्तान के तूफानी बल्लेबाज शाहिद अफरीदी के नाम ही दर्ज है। अफरीदी ने 1996 में नैरोबी में श्रीलंका के खिलाफ 37 गेंदों में 100 रन ठोक दिए थे। अफरीदी ने अपनी 102 रनों की पारी में 11 चौके और छह छक्के लगाए थे।
एकदिवसीय मैचों में सबसे तेज शतक लगाने वालों के क्रम में दूसरे स्थान पर दक्षिण अफ्रीकी विकेटकीपर मार्क बाउचर हैं, जिन्होंने 2006 में जिंबाब्वे के खिलाफ 44 गेंदों पर शतक लगाया था।
भारत की ओर से तीसरा सबसे तेज एकदिवसीय शतक लगाने का रिकार्ड सुरेश रैना के नाम है। रैना ने 2008 में हांगकांग के खिलाफ 66 गेंदों पर सैकड़ा जड़ा था। उन्होंने अपनी 101 रनों की पारी में पांच चौके और सात छक्के लगाए थे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।