पोर्ट ऑफ स्पेन, 13 मार्च (आईएएनएस)। भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान नारी कांट्रैक्टर एक बार फिर त्रिनिदाद के क्वींस पार्क ओवल पर उतरे। इस बार कोई मैच खेलने या देखने नहीं बल्कि एक सामाजिक कार्य में हिस्सा लेने के लिए उन्होंने इस ऐतिहासिक मैदान का रुख किया था।
क्वींस पार्क ओवल पर बुधवार को 'सर फ्रैंक वारेल मेमोरियल ब्लड ड्राइव' की एक बार फिर से शुरुआत की गई। इसी मौके पर कांट्रैक्टर भी मौजूद थे। उल्लेखनीय है कि इस अभियान की शुरुआत वेस्टइंडीज के पूर्व कप्तान सर फ्रैंक वारेल की याद में की गई।
वेस्टइंडीज और वारेल को लेकर कांट्रैक्टर की यादें सिर्फ क्रिकेट से नहीं जुड़ी हैं बल्कि उनका उनसे भावनात्मक लगाव भी है। वर्ष 1962 के वेस्टइंडीज दौरे पर वह बुरी तरह चोटिल हुए थे। उन्हें दो बार ऑपरेशन भी करवाना पड़ा था। उन्हें खून की जरूरत पड़ी तो सबसे पहले सर वारले ने ही उन्हें खून दिया।
इस मौके पर कांट्रैक्टर ने कहा कि यह बहुत लोगों को पता नहीं है कि पश्चिम बंगाल में हर साल तीन फरवरी को सर वारेल की याद में ही रक्तदान अभियान चलाया जाता है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।