जोहांसबर्ग, 13 मार्च (आईएएनएस)। क्रिकेट दक्षिण अफ्रीका (सीएसए) ने कहा है कि वित्तीय बोझ नहीं पड़ने की सूरत में ही उसके लिए चैंपियंस ट्राफी की मेजबानी करना संभव होगा।
अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) ने सुरक्षा कारणों से चैंपियंस ट्राफी की मेजबानी पाकिस्तान से छीनकर दक्षिण अफ्रीका को देने का फैसला किया था।
सीएसए के मुख्य कार्यकारी गेराल्ड मजोला ने स्थानीय समाचार पत्र 'बील्ड' से बातचीत में कहा, "हम इस टूर्नामेंट की मेजबानी कर आर्थिक बोझ के तले दबना नहीं चाहते।"
उन्होंने कहा, " अगर आईसीसी यह भरोसा दिलाए कि ऐसा नहीं होगा और इस टूर्नामेंट से हमें वित्तीय लाभ होगा तो इसकी मेजबानी में कोई समस्या नहीं है।"
दरअसल खबरों में कहा गया था कि आईसीसी ने चैपियंस ट्राफी के आयोजन से पाकिस्तान को भी वित्तीय लाभ देने का फैसला किया है, क्योंकि यह आयोजन उससे वापस लिया गया है।
सोमवार को इस बात पर फैसला हो जाएगा कि दक्षिण अफ्रीका चैंपियंस ट्राफी की मेजबानी करेगा या नहीं। अगर वित्तीय सुरक्षा से जुड़े सीएसए के आग्रह को आईसीसी मान लेता है तो यह टूर्नामेंट दक्षिण अफ्रीका में होगा।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*