न्यूजीलैंड ने 150 रनों का लक्ष्य महज 23.2 ओवरों में ही दो विकेट खोकर हासिल कर लिया। राइडर ने 63 और मार्टिन गुपटिल ने 57 रन बनाए। पांचवा एकदिवसीय हारने के बावजूद भारत ने श्रृंखला 3-1 से अपने नाम कर ली।
वेबसाइट 'क्रिकइंफो डॉट कॉम' के मुताबिक ऑकलैंड के ईडन पार्क पर भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान महेंद्र सिंह धौनी ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया था। बारिश की वजह से मैच समय पर शुरू नहीं हो सका और मैच 43-43 ओवरों का कर दिया गया।
राइडर, इयान ओ'ब्रायन और जैकब ओराम की शानदार गेंदबाजी के आगे भारतीय टीम ने घुटने टेक दिए और पूरी टीम 36.3 ओवरों में 149 रन बनाकर पेवेलियन लौट गई। भारत की ओर से रोहित शर्मा ने सर्वाधिक नाबाद 43 और सलामी बल्लेबाज वीरेंद्र सहवाग ने 40 रनों की पारी खेली। न्यूजीलैंड की ओर से राइडर ने तीन विकेट और ओ'ब्रायन व ओराम ने दो-दो विकेट झटके। इनके अलावा काइले मिल्स ने भी एक विकेट अपने नाम किया।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।