पोर्ट ऑफ स्पेन, 14 मार्च (आईएएनएस)। भारतीय मूल के दिनेश रामदीन इग्लैंड के खिलाफ एकदिवसीय श्रृंखला में वेस्टइंडीज क्रिकेट टीम की कप्तानी करेंगे। वह चोटिल क्रिस गेल की जगह लेंगे।
विकेटकीपर-बल्लेबाज रामदीन त्रिनिदाद के रहने वाले हैं और उनके पूर्वज भारत से 1845 से 1917 के बीच यहां चले आए थे। 23 वर्षीय रामदीन भारतीय मूल के त्रिनिदाद के पहले क्रिकेटर हैं जो वेस्टइंडीज की कप्तानी का दायित्व निभाएंगे। वह अब तक 34 टेस्ट मैच खेल चुके हैं।
रामदीन से पहले रोहन कन्हाई, अल्विन कालीचरण और शिवनारायण चंद्रपाल भारतीय मूल के ऐसे खिलाड़ी रहे जिन्होंने वेस्टइंडीज क्रिकेट टीम की कप्तानी संभाली थी। ये तीनों गुयाना के थे।
वेस्टइंडीज की अंडर-19 क्रिकेट टीम की कप्तानी कर चुके रामदीन ने कहा, "मैं भरपूर कोशिश करुं गा कि एकदिवसीय श्रृंखला में हमारी टीम श्रेष्ठ साबित हो।"
त्रिनिदाद एंड टोबैगो की अंडर-15 टीम के प्रबंधक सहदेव भी रामदीन के कायल हैं। उन्होंने कहा, "रामदीन जूनियर टीमों की बेहतरीन ढंग से कप्तानी कर चुके हैं। उनमें एक बेहतरीन खिलाड़ी के गुण और नेतृत्व क्षमता देखी जा सकती है।"
त्रिनिदाद एंड टोबैगो के पूर्व खेल मंत्री मनोहर रामशरण का कहना है कि रामदीन में अनुशासन और खेल भावना हमेशा ही देखने को मिली है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।