इससे पहले राइडर, इयान ओ'ब्रायन और जैकब ओराम की शानदार गेंदबाजी के आगे भारतीय टीम ने घुटने टेक दिए और पूरी टीम 36.3 ओवरों में 149 रन बनाकर पेवेलियन लौट गई। भारत की ओर से रोहित शर्मा ने सर्वाधिक नाबाद 43 और सलामी बल्लेबाज वीरेंद्र सहवाग ने 40 रनों की पारी खेली। न्यूजीलैंड की ओर से राइडर ने तीन विकेट और ओ'ब्रायन व ओराम ने दो-दो विकेट झटके। इनके अलावा काइले मिल्स ने भी एक विकेट अपने नाम किया।
वेबसाइट 'क्रिकइंफो डॉट कॉम' के मुताबिक ऑकलैंड के ईडन पार्क पर भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान महेंद्र सिंह धौनी ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया। बारिश की वजह से मैच समय पर शुरू नहीं हो सका और मैच 43-43 ओवरों का कर दिया गया।
सहवाग और गौतम गंभीर ने भारत को तेज शुरुआत दी, लेकिन गंभीर मिल्स की एक गेंद पर चकमा खा गए और मात्र पांच रन बनाकर पेवेलियन लौट गए। गंभीर के आउट होने के बाद शानदार फार्म में चल रहे सुरेश रैना भी सहवाग का ज्यादा देर साथ नहीं दे सके और महज आठ रन जोड़कर ओराम का शिकार बन गए।
इन दोनों के पेवेलियन लौटते ही सहवाग भी 27 गेंदों पर ताबड़तोड़ 40 रन बनाकर ओराम की एक गेंद पर आउट हो गए। इसके बाद युवराज सिंह ने 11 रन बनाए जबकि धौनी और यूसुफ पठान ने बिना कोई रन बनाए पेवेलियन की राह पकड़ ली। हरभजन सिंह और जहीर खान रन आउट हुए। इस तरह भारतीय टीम न्यूजीलैंड के समक्ष जीत के लिए महज 150 रनों का लक्ष्य रख सकी।
उल्लेखनीय है कि भारत श्रृंखला में 3-0 की अजेय बढ़त पहले ही बना चुका है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।