समाचार एजेंसी डीपीए के अनुसार सफीना अगले हफ्ते विश्व वरीयता क्रम में शीर्ष पर पहुंच जाएंगी। दूसरी ओर, साफिन पुरुषों के वरीयता क्रम में 29वें स्थान पर हैं लेकिन इसके बावजूद सफीना को वह लोकप्रियता नहीं मिल पाई है, जो दो ग्रैंड स्लैम खिताब जीत चुके उनके बड़े भाई को हासिल है।
इंडियन वेल्स ओपन में चीन की पेंग सुआई के खिलाफ 7-5 6-4 से मिली जीत के बाद सफीना ने कहा कि आज भी उन्हें लोग साफिन की बहन के रूप में ही जानते हैं।
बकौल सफीना, "आज एक व्यक्ति मेरे पास आया और मुझे पूछा कि क्या मैं मरात साफिन की बहन हूं, तो मैंने कहा कि हां वह मेरे बड़े भाई हैं। उस व्यक्ति ने मुझे बताया कि टेनिस खेलते वक्त मैं मरात साफिन जैसी ही दिखती हूं। यह सुनकर मुझे खुशी हुई।"
सफीना ने कहा कि उनके प्रत्येक संवाददाता सम्मेलन में बड़े भाई मरात साफिन से जुड़े सवाल पूछे जाते हैं।
नंबर-1 की कुर्सी पाने के बारे में सफीना ने कहा, "अगर मैं वहां पहुंचने के काबिल हूं तो निश्चित तौर पर पहुंचूंगी। मेरे लिए वहां पहुंचना काफी मायने रखता है।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।