जीव ने रविवार को प्रतियोगिता के अंतिम दौर की शुरुआत पहले स्थान पर चल रहे फिल मिकेलसन और निक वॉॅटने से चार स्ट्रोक पीछे रहते हुए की, लेकिन इस दौर में वह अपने प्रदर्शन में निखार नहीं ला सके।
जीव ने अंतिम दौर में टू-अंडर पार 70 का कार्ड खेला। इस दौर की समाप्ति पर जीव का स्कोर 14 अंडर 274 रहा। वह पहले स्थान पर रहे मिकेलसन से पांच शॉट पीछे रह गए।
जीव ने कहा, "मैं इससे बेहतर प्रदर्शन कर सकता था लेकिन कुल मिलाकर मैं अपने खेल से खुश हूं। मेरे लिए अच्छी खबर यह रही कि यहां मैंने कुछ ऐसे पट लगाने में कामयाबी हासिल की, जिन्हें लेकर मैं आमतौर पर बहुत उम्मीद नहीं रखता हूं। इस लिहाज से चौथा स्थान मेरे लिए काफी संतोषजनक है।"
चौथे स्थान ने जीव की झोली में 360,000 डॉलर डाले। इसके अलावा वह 2010 पीजीए टूर के लिए फुल कार्ड पाने के काफी करीब पहुंच गए हैं।
जीव ने कहा कि उनका अगला लक्ष्य दिसंबर 2009 तक विश्व के शीर्ष-20 खिलाड़ियों में जगह बनाना है। जीव फिलहाल विश्व वरीयता क्रम में 36वें स्थान पर हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।