पाकिस्तान के समाचार पत्र 'द न्यूज' ने पीसीबी के निदेशक (परिचालन) सलीम अल्ताफ के हवाले से लिखा है, "हम बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (बीसीबी) के उच्चाधिकारियों के साथ लगातार संपर्क में हैं। इस संबंध में तारीख जल्द ही तय कर ली जाएगी। हम इस दौरे को लेकर काफी आशान्वित हैं।"
पाकिस्तानी टीम को विगत सात मार्च से पांच एकदिवसीय और दो ट्वेंटी-20 मैचों की श्रृंखला के लिए बांग्लादेश दौरा करना था लेकिन तीन मार्च को लाहौर में श्रीलंकाई क्रिकेट टीम पर हुए आतंकी हमले के बाद उपजे हालात को देखते हुए सुरक्षा कारणों से यह श्रृंखला स्थगित कर दी गई है।
अब इस श्रृंखला के आयोजन को लेकर एक बार फिर आशाएं बंधी हैं, हालांकि पाकिस्तानी टीम की अंतर्राष्ट्रीय व्यस्तता को देखते हुए इसे संक्षिप्त किए जाने की चर्चा जोरों पर है। पाकिस्तानी टीम को अप्रैल में आस्ट्रेलिया के साथ एकदिवसीय श्रृंखला खेलनी है।
इस बारे में कोई आधिकारिक सूचना नहीं मिली है लेकिन ऐसा कहा जा रहा है कि इसे तीन एकदिवसीय और एक ट्वेंटी-20 मैच तक सीमित कर दिया जाएगा। श्रृंखला का कार्यक्रम अभी घोषित नहीं हुआ है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।