घर में ग्रासकोर्ट पर खेलने की पुरानी परंपरा को तोड़ते हुए अखिल भारतीय टेनिस संघ (एआईटीए) ने इस बार ये मुकाबले हार्डकोर्ट पर कराने का फैसला किया है।
इसका कारण यह है कि भारत के सर्वोच्च वरीयता प्राप्त एकल खिलाड़ी सोमदेव देववर्मन को हार्डकोर्ट पर खेलना पसंद है और इस पर खेलते हुए वह आस्ट्रेलिया जैसी मजबूत टीम के खिलाफ भारत की जीत में अहम भूमिका अदा कर सकते हैं।
एआईटीए ने साफ किया है कि खिलाड़ियों के हितों को ध्यान में रखकर ही उसने आस्ट्रेलिया के साथ होने वाले मुकाबलों को हार्डकोर्ट पर कराने का फैसला किया है।
भारत 30 साल में पहली बार डेविस कप मुकाबलों का आयोजन हार्डकोर्ट पर कराने जा रहा है। भारतीय टीम के गैर-खिलाड़ी कप्तान एस.पी. मिश्र ने एआईटीए को सूचित कर दिया था कि उनकी टीम के खिलाड़ी चेन्नई में खेलने की इच्छा रखते हैं।
चेन्नई में सोमदेव का प्रदर्शन काफी अच्छा रहा है। वह हाल ही में संपन्न चेन्नई ओपन के फाइनल में पहुंचे थे। इसके अलावा सोमदेव ने हार्डकोर्ट पर खेलते हुए भारतीय टीम को चीनी ताइपे के खिलाफ शानदार जीत दिलाई थी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।