समाचार एजेंसी डीपीए के मुताबिक फेडरर ने कार्लोविक को 7-6 (7-4), 6-3 से पराजित कर अगले दौर में स्थान पक्का किया लेकिन उन्होंने खुले तौर पर स्वीकार किया कि कार्लोविक ने उन्हें जीतने के लिए एड़ी-चोटी का जोर लगाने के लिए मजबूर कर दिया।
फेडरर के अलावा चौथी वरीयता प्राप्त ब्रिटेन के एंडी मरे भी अंतिम-16 में जगह बनाने में सफल रहे हैं। मरे ने फ्रांस के पॉल हेनरी मैथ्यू को आसानी से 6-3, 6-2 से पराजित किया। इस सत्र में मरे की यह 17वीं जीत है जबकि वह सिर्फ एक मैच हारे हैं।
इसके अलावा इवान जुविकिच भी अंतिम-16 में पहुंचने में सफल रहे हैं। जुविकिच ने आठवीं वरीयता प्राप्त फ्रांसीसी खिलाड़ी सिमोन गिलीज को 6-3, 7-6 (7-3) से हराकर बाहर का रास्ता दिखाया।
महिला वर्ग में मौजूदा चैंपियन सर्बिया की एना इवानोविक ने नए कोच की देखरेख में खेलते हुए अच्छा प्रदर्शन कर अर्जेटीना की गिसेला डुल्को को 6-3, 6-3 से हराया जबकि सातवीं वरीयता प्राप्त खिलाड़ी पोलैंड की एगनिएस्का रेडवांस्का ने कनाडा की एलेक्जेंड्रा वोजनैक को 6-1, 6-4 से पराजित किया।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।