आईसीसी के प्रवक्ता ब्रायन मुर्गाट्रोड ने कहा कि इंग्लैंड और वेस्टइंडीज के बीच पिछले महीने खेले गए टेस्ट मैच को 10 गेंदों के बाद ही रद्द करने के बाद आईसीसी ने इस स्टेडियम में सुधार की मांग की थी लेकिन कई बार कहने पर भी इसके आउटफील्ड में कोई सुधार नहीं किया गया।
आईसीसी ने साफ किया है कि स्टेडियम में मैच नहीं कराने का उसका फैसला सोमवार से ही लागू हो चुका है और आने वाले वक्त में आईसीसी का निरीक्षक दल सुधार संबंधी कार्यो का जायजा लेता रहेगा।
उल्लेखनीय है कि फरवरी में इंग्लैंड और वेस्टइंडीज के बीच यहां खेला गया टेस्ट मैच 10 गेंदों के बाद ही रद्द कर दिया गया था क्योंकि उसका आउटफील्ड खेल के लिए उपयुक्त नहीं था। मेजबान टीम के खिलाड़ियों की शिकायत थी कि रेत अधिक होने के कारण वे मैदान में ठीक से पैर नहीं जमा पा रहे हैं।
वेस्टइंडीज के पूर्व कप्तान सर विवियन रिचर्ड्स के नाम पर निर्मित इस स्टेडियम को 2007 विश्व कप के लिए तैयार किया गया था। इस मैदान में पानी की निकासी की व्यवस्था ठीक नहीं थी, लिहाजा बाद में इसमें पुनर्निमाण कार्य भी किया गया था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।