ब्रिटेन के समाचार पत्र 'गार्जियन' ने सिडन्स के हवाले से लिखा है, "हमने अब तक प्रतिस्पर्धी क्रिकेट बिल्कुल नहीं खेला है। पाकिस्तान के साथ खेलकर हमें अपनी तैयारियों का जायजा लेने का मौका मिल सकता था लेकिन यह दौरा भी अनिश्चितकाल के लिए स्थगित कर दिया गया है। इससे जून में इंग्लैंड में होने वाले ट्वेटी-20 विश्व कप के मद्देनजर हमारी तैयारियां बुरी तरह प्रभावित होंगी।"
बांग्लादेश सरकार ने तत्काल प्रभाव से अपने यहां आने वाली सभी विदेशी टीमों के दौरों को अनिश्चितकाल तक स्थगित कर दिया है। सरकार ने कहा है कि वह विदेशी खिलाड़ियों और अधिकारियों को सुरक्षा मुहैया कराने की स्थिति में नहीं है।
सिडन्स ने कहा कि बांग्लादेश राइफल्स (बीडीआर) सैनिकों द्वारा किए गए विद्रोह के बाद से बांग्लादेश में हालात अच्छे नहीं हैं लेकिन जल्द ही वहां का माहौल खेल के अनुकूल हो जाएगा।
बकौल सिडन्स, "मैं आशा करता हूं कि सितंबर या फिर अक्टूबर तक हालात सामान्य हो जाएगा और स्थगित की गई सभी श्रृंखलाएं एक बार फिर आयोजित की जाएंगी। फिलहाल जो स्थिति है, उससे हम काफी निराश हैं लेकिन मुझे भरोसा है कि इससे क्रिकेट को कोई नुकसान नहीं होगा।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।