न्यूजीलैंड के समाचार पत्र 'न्यूजीलैंड हेराल्ड' के मुताबिक पहले दिन का खेल खत्म होने के बाद पत्रकारों से मुखातिब विटोरी ने कहा, "बेशक जेस राइडर और मैंने सातवें विकेट के लिए रिकार्ड 186 रन जोड़कर अपनी टीम को मुश्किल से निकाला लेकिन दिन की समाप्ति पर भारत का पलड़ा भारी रहा क्योंकि बल्लेबाजी के लिए उपयुक्त विकेट पर हम एक मजबूत स्कोर खड़ा नहीं कर सके।"
मात्र 60 रनों पर छह विकेट गिर जाने के बाद विटोरी (118) ने न सिर्फ अपना तीसरा शतक पूरा किया बल्कि 102 रनों की उपयोगी पारी खेलने वाले राइडर के साथ सातवें विकेट के लिए 186 रन जोड़े।
भारत की ताबड़तोड़ शुरुआत को लेकर विटोरी ने कहा, "हम खुद को अच्छी स्थिति में नहीं देख रहे हैं। इतने कम स्कोर के बाद भारतीय बल्लेबाजों का खुलकर खेलना हमारे लिए घातक हो सकता है। पहले दिन के पहले सत्र में बल्लेबाजी थोड़ी मुश्किल थी लेकिन दूसरे दिन ऐसा ही होगा, यह दावे के साथ नहीं कहा जा सकता।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।