पाकिस्तान के समाचार पत्र 'ज न्यूज' के मुताबिक पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) के अध्यक्ष एजाज बट्ट ने कहा कि बीसीबी ने 10 मार्च से खेली जाने वाली श्रृंखला को पहली बार स्थगित करने की घोषणा से पहले भी उनसे बात की थी और अपनी सरकार के निर्देश के बाद इस श्रृंखला को अनिश्चितकाल के लिए स्थगित करने से पहले भी उसने पीसीबी से इसकी चर्चा की थी।
बट्ट ने गद्दाफी स्टेडियम में पत्रकारोंे से कहा, "हमने बीसीबी को कह दिया है कि हमें उसके फैसले को लेकर कोई आपत्ति नहीं है। हम उसकी सरकार के इस श्रृंखला के लिए मानसिक तौर पर तैयार होने और उपयुक्त तारीख खोजे जाने तक इस श्रृंखला को अनिश्चितकाल तक स्थगित करने के उसके फैसले के साथ हैं।"
उल्लेखनीय है कि बांग्लादेश सरकार ने तत्काल प्रभाव से अपने यहां आने वाली सभी विदेशी टीमों के दौरों को अनिश्चितकाल तक के लिए स्थगित कर दिया है। सरकार ने कहा है कि बांग्लादेश राइफल्स (बीडीआर) सैनिकों द्वारा किए गए विद्रोह के बाद से उसके यहां के हालात अच्छे नहीं हैं और ऐसी स्थिति में वह विदेशी खिलाड़ियों और अधिकारियों को सुरक्षा मुहैया कराने की स्थिति में नहीं है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।